CCPL 2026: आईपीएल जैसा T20 क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर रायपुर में देखने को मिलेगा। दरअसल छसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग का आगाज 3 जून से होने जा रहा है..
CCPL Match in Raipur: छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित सीसीपीएल लाउंच कार्यक्रम में अधिकारियों, पूर्व और वर्तमान क्रिकेट हस्तियों तथा खिलाड़ियों की उपस्थिति रही, जिसमें प्रदेश के खेल विकास और आगामी छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने कहा कि सीपीएल आयोजित करने का एकमात्र उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्रदान करना है।
पूर्व सीपीएल अध्यक्ष प्रमोद शंकर शर्मा ने कहा कि केवल दो-तीन वर्षों में सीसीपीएल का स्तर काफी उन्नत हुआ है। उन्होंने सीएससीएस की सराहना करते हुए कहा कि संघ ने क्रिकेट के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए हैं। उन्होंने ध्यान दिलाया कि हाल के समय में छत्तीसगढ़ राज्य को बड़े मैच मिल रहे हैं, जिससे भविष्य में प्रदेश का क्रिकेट में नाम और ऊंचा होगा।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राजेश चौहान ने प्रदेश के खिलाड़ियों से अपील की कि वे अपने प्रदर्शन को और निखारकर खेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाएं। उन्होंने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि खिलाड़ियों को स्वयं को साबित करने की आवश्यकता है। चौहान ने टेस्ट क्रिकेट की महत्ता बताते हुए कहा कि टेस्ट इस खेल की रीढ़ है।
सीएससीएस के डायरेक्टर बलदेव सिंह भाटिया ने रायपुर में हाल में सफलतापूर्वक आयोजित किए गए अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल मैचों के लिए संघ की पूरी टीम को बधाई दी। इस कार्यक्रम में मोहन दास (अध्यक्ष, सीएससीएस), वेंटिश अग्रवाल (सचिव), सुमित गुप्ता (कोषाध्यक्ष), मुकुल तिवारी, अजय तिवारी तथा गुरुचरण सिंह मखीजा सहित अन्य अधिकारी व खिलाड़ी उपस्थित थे।
मंगलवार को विभिन्न टीमों की जर्सी अनावरण की गई। प्रमुख टीमों के कप्तान इस प्रकार हैं- बस्तर बायंस- अनुज तिवारी, बिलासपुर बुल्स - आयुष पांडेय, रायगढ़ लायंस - ऋषभ तिवारी, रायपुर राइनोज - अमनदीप खरे, सरगुजा टाइगर- आशुतोष सिंह, राजनांदगांव पैंथर्स- अजय मंडल।
लीग के इतिहास पर नजर डालें तो साल 2024 में खेले गए पहले सीजन के फाइनल मुकाबले में रायपुर राइनोज ने बिलासपुर बुल्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर पहला खिताब अपने नाम किया था। वहीं, पिछले साल (सीजन-2) के फाइनल मुकाबले में बारिश ने खलल डाल दिया था, जिसके चलते मैच न हो पाने की स्थिति में रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया था।