
शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम (फोटो सोर्स- X हैंडल)
CCPL 2026: आईपीएल के बाद अब राजधानी रायपुर एक और बड़े क्रिकेट आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में अक्टूबर महीने में भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे की महिला टीम के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।
बता दें कि यह सीरीज कई मायनों में ऐतिहासिक होने वाली है, क्योंकि पहली बार जिम्बाब्वे की महिला टीम भारत दौरे पर आएगी और पहली बार रायपुर में भारतीय महिला क्रिकेट टीम कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेगी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (Board of Control for Cricket in India) ने भारत और जिम्बाब्वे महिला टीमों के बीच होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। जारी शेड्यूल के मुताबिक, टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर को रायपुर में खेला जाएगा। इसके बाद वनडे सीरीज की शुरुआत 23 अक्टूबर से बड़ौदा में होगी। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह सीरीज महिला क्रिकेट को नए शहरों तक पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।
शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में अब तक कई बड़े पुरुष अंतरराष्ट्रीय मुकाबले और आईपीएल मैच आयोजित हो चुके हैं, लेकिन महिला क्रिकेट का यह पहला अंतरराष्ट्रीय आयोजन होगा। लंबे समय से रायपुर में महिला इंटरनेशनल मैच कराने की मांग की जा रही थी, जिसे अब बीसीसीआई ने पूरा कर दिया है। इससे प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच अब तक कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है। दोनों टीमों का सामना केवल आईसीसी टूर्नामेंट और क्वालिफायर मुकाबलों में ही हुआ है। ऐसे में यह सीरीज महिला क्रिकेट इतिहास में एक नई शुरुआत मानी जा रही है।
साल 2027 में श्रीलंका में महिला टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी आयोजित की जानी प्रस्तावित है। इसी को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई लगातार महिला टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मुकाबले आयोजित करने की योजना पर काम कर रहा है। बोर्ड चाहता है कि खिलाड़ियों को पर्याप्त मैच प्रैक्टिस मिले, ताकि टीम बड़े टूर्नामेंट्स के लिए पूरी तरह तैयार हो सके।
इधर, छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए जून महीना भी बेहद खास रहने वाला है। पिछले दो वर्षों से लगातार आयोजित हो रही छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग यानी सीसीपीएल का आयोजन इस बार जून में किया जाएगा। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में प्रदेश की कई टीमें हिस्सा लेंगी। टी-20 फॉर्मेट में खेले जाने वाले इस लीग में स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।
क्रिकेट जानकारों का कहना है कि बीसीसीआई के अधीन आने के बाद रायपुर के स्टेडियम को लगातार बड़े मुकाबलों की मेजबानी मिल रही है। अब केवल पुरुष क्रिकेट ही नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट के अंतरराष्ट्रीय मैच भी रायपुर को मिलने लगे हैं। बीसीसीआई अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि रोटेशन पॉलिसी के तहत अब रायपुर में हर साल वनडे, टी-20, टेस्ट मुकाबलों के साथ-साथ आईपीएल मैचों का आयोजन भी नियमित रूप से किया जाएगा।
लगातार बड़े टूर्नामेंट मिलने से रायपुर की पहचान देश के उभरते क्रिकेट केंद्र के रूप में मजबूत होती जा रही है। आने वाले समय में यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के और भी बड़े मुकाबले देखने को मिल सकते हैं, जिससे प्रदेश में क्रिकेट संस्कृति को नया बढ़ावा मिलेगा।
Updated on:
15 May 2026 02:41 pm
Published on:
15 May 2026 02:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
