CG Board Result 10th Toppers: मेरिट लिस्ट में इस बार भी बेटियों का दबदबा देखने को मिला, वहीं महासमुंद के एकलव्य इंग्लिश स्कूल, अर्जुंदा के 7 छात्र टॉप-10 रैंक में शामिल होकर खास चर्चा में हैं।
CG Board Result 10th Toppers:छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस वर्ष कुल 77.15 प्रतिशत छात्र-छात्राएं पास हुए हैं, जो पिछले साल की तुलना में करीब 5 प्रतिशत अधिक है। इस बार भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है। छात्राओं का पास प्रतिशत 81%, जबकि छात्रों का 72% रहा।
इस साल रैंक-1 पर तीन विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। इनमें महासमुंद की संध्या नायक, महासमुंद की पारिरानी प्रधान और मुंगेली के अंशुल शर्मा शामिल हैं। तीनों ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
बोर्ड की टॉप-10 रैंक की मेरिट लिस्ट में कुल 42 छात्र शामिल हैं। इनमें लड़कियां 27 व लड़के 15 यानी इस बार भी मेरिट में बेटियों का दबदबा साफ दिखाई दिया।
मेरिट लिस्ट में महासमुंद जिले का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। महासमुंद के 8 छात्र टॉप-10 रैंक में शामिल हैं, जो किसी भी जिले में सबसे अधिक है। मेरिट लिस्ट में एकलव्य इंग्लिश स्कूल, अर्जुंदा का खास दबदबा रहा। महासमुंद के इन 8 छात्रों में से 7 छात्र इसी स्कूल के हैं। वहीं एक अन्य छात्रा पारिरानी प्रधान, एकलव्य इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, बलौदा से हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बोर्ड परीक्षाओं में पास होने वाले छात्रों को बधाई दी है। उन्होंन कहा कि पिछले तमाम सालों से बेहतर रिजल्ट आया है। इसमें हमारे शिक्षा विभाग और शिक्षकों का प्रयास रहा है। वहीं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि इस बार परिणाम पिछले वर्ष की अपेक्षा में 5 प्रतिशत तक बढ़ा है, और बेटियां आगे रही। शिक्षा गुणवत्ता का अभियान चलाया इसका स्वरूप अब दिखने लगा है, जिन बच्चों का परिणाम आया उनको शुभकामनाएं।
शिक्षा मंत्री ने घोषणा की है कि सीएम साय टॉपर्स को डेढ़ लाख रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से खातों में डालेंगे।