रायपुर

अंत्योदय एक्सप्रेस को लेकर भूपेश ने दिया ये बयान, कहा – झूठ बोलकर जनता को लूट रही सरकार

छत्तीसगढ़ से चलने वाली तीन नई ट्रेनों को लेकर सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है।

2 min read
Apr 30, 2018
Bhupesh bagel arrested in janjhir in PM modi visit in chhhatiisgarh
भूपेश बोले - UPA ने छत्तीसगढ़ से चलाई 50 से अधिक नई ट्रेनें, NDA ने महज एक

रायपुर . छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने रेल मंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ को तीन नई ट्रेनों की सौगात देने के दावे को जनता को गुमराह करने वाला एवं झूठा बताया। बघेल ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि चार सालों में दुर्ग निजामुद्दीन हमसफर एक्सप्रेस के अलावा एक भी नई ट्रेन जिसकी शुरुआत छत्तीसगढ़ से होती हो, नहीं दी, जबकि यूपीए सरकार के 10 साल में 50 से अधिक ट्रेनें छत्तीसगढ़ से प्रारम्भ की गई।

बघेल ने कहा है कि जबलपुर से कलकत्ता जाने वाली ट्रेन या फिर पुणे से कलकत्ता जाने वाली ट्रेन छत्तीसगढ़ महज क्रॉस करके जाएगी और डायरेक्ट बुकिंग होने के कारण उसमें छत्तीसगढ़ के यात्रियों को जगह मिलने की संभावना बहुत कम होगी और इन ट्रेनों को छत्तीसगढ़ के लिए सौगात के रूप में प्रस्तुत करना रेल मंत्री पीयूष गोयल एवं मुख्यमंत्री रमन सिंह की जनता के साथ धोखाधड़ी है, अगर छत्तीसगढ़ से क्रॉस करने वाली ट्रेनों को गिना जाए, तो 50 से अधिक ट्रेनें यूपीए सरकार की उपलब्धि और जुड़ जाएगी।

बघेल ने केन्द्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस अंत्योदय एक्सप्रेस को रायपुर से फिरोजपुर के बीच नई ट्रेन के रूप में केन्द्र की भाजपा सरकार प्रचारित कर ही है, वह भी दो वर्ष पूर्व से घोषित बिलासपुर फिरोजपुर अंत्योदय एक्सप्रेस है, जिसका रेक बिलासपुर में आकर एक साल से खड़ा हुआ है, परन्तु मालगाडि़यों को प्राथमिकता देने के लिए यह ट्रेन चालू नहीं की गई, अब इसे नए नाम से चालू करवा कर वाह-वाही लूटने का झूठा प्रयास किया जा रहा है।

बघेल ने मोदी शासनकाल में किराए में हुए भारी बढ़ेतरी, टिकट वापसी को जटिल बनाना और स्पेशल फेयर, फ्लैक्सी फेयर की आड़ में आम जनता को लूटने के रेल विभाग के आदेशों की कड़ी निंदा की और कहा कि आम जनता को तकलीफ देने का कोई भी मौका मोदी सरकार नहीं छोड़ती, सरकार बदलने का वक्त आ गया है।

Published on:
30 Apr 2018 05:34 pm