CG Election 2025: छत्तीसगढ़ सरकार ने पिछले दिनों प्रदेश के 10 नगर निगमों में जहां जिला कलेक्टरों को प्रशासक के तौर पर तैनात करने का आदेश जारी किया था तो वहीं अब नगर पालिका और नगर पंचायतों के लिए भी आदेश जारी किया जा चुका है।
CG Election 2025: राज्य शासन ने निकाय चुनाव में विलंब होने पर निकायों में प्रशासक नियुक्ति किए हैं। प्रदेश के 10 नगर निगमों में महापौर का कार्यकाल खत्म होने पर चार दिन पहले ही प्रशासक नियुक्त किए गए थे। अब शुक्रवार को शासन ने नगर पालिका 47 और 95 नगर पंचायतों में भी प्रशासकों की नियुक्ति की गई है। नगर पालिकाओं में प्रशासकों के लिए एसडीएम को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि नगर पंचायतों में तहसीलदारों को जिम्मा दिया गया है।
इसके लिए नगरीय प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। इस फैसले के बाद नगर पालिका और नगर पंचायतों में अधिकारी ही निर्णय लेंगे, फिर इसे लागू करवाएंगे। आदेश के मुताबिक, अलग-अलग जिलों के सब डिवीजन में प्रशासक 4, 6 और 7 जनवरी से जिम्मेदारी संभालेंगे। इसी तरह नगर पंचायतों में भी तहसीलदार वहां के अध्यक्षों का कार्यकाल खत्म होते ही प्रशासक की भूमिका निभाना शुरू करेंगे।
निकाय व पंचायत चुनाव में लेटलतीफी और प्रशासकों की नियुक्ति पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने कहा सरकार के द्वारा समय पर चुनाव नहीं कराया जा रहा। नगर निगम में प्रशासकों की नियुक्ति और चुनाव में लेटलतीफ़ी की जा रही है। इससे सीधे सीधे आम जनता का नुक़सान होगा।
CG Election 2025: बता दें कि चार दिन पहले ही रायपुर नगर निगम समेत राजनांदगांव, बस्तर, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, रायगढ़, मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी, अंबिकापुर और कोरबा नगर निगम के लिए शासन ने कलेक्टरों को प्रशासक बनाया गया हैं। प्रशासकों की नियुक्ति के साथ ही अब नगर निगमों में जोन अध्यक्ष, महापौर जैसे पद शक्तिविहीन होंगे।