
CG Monsoon Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर और मुंगेली समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश से लगे उत्तर छत्तीसगढ़, विशेषकर सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
पिछले 24 घंटों में रायपुर शहर में 12 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पथरिया में 16 सेमी, लोरमी में 11 सेमी तथा लाभांडी और लालपुर में 10-10 सेमी वर्षा दर्ज हुई। भाटापारा, मुंगेली और सिमगा में 9-9 सेमी, जबकि तखतपुर और बागबाहरा में 8-8 सेमी बारिश हुई। डोंगरगढ़, उसूर, सुहेला, छुरिया, सकरी और लोहांडीगुड़ा समेत कई क्षेत्रों में 7 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने बारिश के साथ कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की गई है।