8 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Chhattisgarh Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम, प्रदेशभर में आज गरज-चमक के साथ होगी बारिश

Rain Alert Today: छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसमी तंत्र के असर से कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
2 min read
Google source verification
Chhattisgarh Rain Alert

Chhattisgarh Rain Alert: इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी(photo-patrika)

Chhattisgarh Rain Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका सामान्य स्थिति में लौट आई है और बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसमी तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। रायगढ़, जशपुर, सक्ती, कोरबा और सारंगढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुछ इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।

CG Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बना नया मौसमी तंत्र

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी तंत्र आगे और मजबूत होकर निम्न दाब (Low Pressure Area) में बदल सकता है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है। यह तंत्र उत्तर ओडिशा, झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा, जिससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने रायगढ़, जशपुर, सक्ती, कोरबा और सारंगढ़ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

रायपुर में दिनभर छाए रहेंगे बादल

राजधानी रायपुर में पूरे दिन आसमान बादलों से ढका रहने की संभावना है। शहर में हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि लगातार बादल छाए रहने के बावजूद पर्याप्त बारिश नहीं होने से लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट

मौसम विभाग ने बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। राजधानी रायपुर में भी करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश का तापमान

बीते 24 घंटों के दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर पेंड्रा में सबसे कम 22 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

सावधानी बरतने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। जिन जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है, वहां नागरिकों से आवश्यक सावधानी बरतने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की गई है।