
Monsoon Update: अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट(photo-patrika)
Monsoon Update: सावन के बीच छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर में बुधवार को बारिश ने ब्रेक लिया तो गर्मी ने एक बार फिर अपने तेवर दिखा दिए। दिनभर बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश नहीं होने से अधिकतम तापमान बढ़कर 33 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां फिर तेज होंगी और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना है।
बुधवार को राजधानी में बारिश नहीं होने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश में अस्थायी कमी के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि यह स्थिति ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी और जल्द ही मानसून दोबारा सक्रिय होगा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ में अब तक 589.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। यह सामान्य से 7 प्रतिशत कम है, लेकिन इसे अब भी सामान्य श्रेणी में माना जा रहा है। राज्य के 33 जिलों में से 25 जिलों में सामान्य या उससे अधिक बारिश हुई है, जबकि 8 जिलों में अब भी सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है।
रायपुर जिले में अब तक 644.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 17 प्रतिशत अधिक है। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ प्रदेश का सबसे अधिक वर्षा वाला जिला बना हुआ है, जहां अब तक 835.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से 60 प्रतिशत अधिक है।
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वाड्रफनगर में 8 सेमी और धमतरी में 7 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं भिंभौरी, रतनपुर, धाराशिव, मरवाही, ओड़गी, सुहेला और दुर्ग में 5-5 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा गंडई, नया बाराद्वार, सिमगा, डौंडी, तिल्दा, सरगांव, बिहारपुर, भोथिया और गिधौरी में 4-4 सेमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं भटगांव, बिलाईगढ़, जनकपुर, बलौदाबाजार, तखतपुर, खड़गवां, बेरला सहित कई क्षेत्रों में 3-3 सेमी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश की संभावना जताई है। विशेष रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 8 अगस्त से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी। इसके बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि कई इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है। फिलहाल किसानों और आम लोगों को अगले कुछ दिनों तक सक्रिय मानसून का लाभ मिलने की उम्मीद है।
Updated on:
06 Aug 2026 08:06 am
Published on:
06 Aug 2026 07:29 am
