
MBBS Admission 2026: NEET छात्रों के लिए बड़ी राहत!(photo-patrika)
MBBS Admission 2026: छत्तीसगढ़ के रायपुर एमबीबीएस के ऑल इंडिया कोटे (AIQ) के तहत प्रवेश लेने वाले दिव्यांग छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने छत्तीसगढ़ के एम्स रायपुर, पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज रायपुर, सिम्स बिलासपुर और मेडिकल कॉलेज जगदलपुर को दिव्यांग (PwD) प्रमाणपत्र जारी करने की मान्यता दे दी है। यह सुविधा इसी शैक्षणिक सत्र से लागू होगी। इससे अब प्रदेश के छात्रों को दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
अब तक देश के केवल 12 मेडिकल कॉलेजों में ही दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी करने की सुविधा उपलब्ध थी। छत्तीसगढ़ के छात्रों को इसके लिए चेन्नई, जबलपुर समेत अन्य शहरों में जाना पड़ता था। इससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी होती थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह प्रक्रिया अब प्रदेश में ही पूरी हो सकेगी।
नई सुविधा का सबसे बड़ा लाभ उन छात्रों को मिलेगा, जिन्होंने NEET परीक्षा उत्तीर्ण की है और दिव्यांग कोटे के माध्यम से ऑल इंडिया MBBS कोटा में प्रवेश के लिए आवेदन करना चाहते हैं। हर वर्ष बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ के छात्र इस श्रेणी के तहत आवेदन करते हैं।
एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया में दिव्यांग कोटे के तहत छात्रों को विशेष लाभ मिलता है। इस श्रेणी का कटऑफ सामान्य श्रेणी की तुलना में काफी कम होता है। कई मामलों में कम अंकों पर भी छात्रों को प्रवेश मिल जाता है। दिव्यांगता की विभिन्न श्रेणियों के आधार पर पात्र छात्रों को इसका लाभ दिया जाता है।
प्रदेश में सिकल सेल बीमारी से पीड़ित छात्रों को भी निर्धारित मानदंडों के अनुसार दिव्यांग श्रेणी में शामिल किया जाता है। इससे ऐसे विद्यार्थियों के लिए भी मेडिकल शिक्षा का रास्ता आसान हो सकता है। हालांकि चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार पिछले एक दशक में सिकल सेल पॉजिटिव किसी छात्र के एमबीबीएस में प्रवेश का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।
पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी ने बताया कि एनएमसी के आदेश के अनुरूप सभी निर्धारित मानकों का पालन करते हुए दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे। इसके लिए विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम पहले से गठित है, जो पात्र छात्रों की मेडिकल जांच कर प्रमाणपत्र जारी करेगी।
Updated on:
06 Aug 2026 07:57 am
Published on:
06 Aug 2026 07:57 am
