20 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

BTech Admission 2026: टॉपर्स की पहली पसंद बना CGIT रायपुर, टॉप-100 में 47 छात्रों ने चुना कॉलेज

CGIT Raipur Admission 2026: CGIT रायपुर इस बार बीटेक प्रवेश में टॉपर्स की पहली पसंद बना। टॉप-100 में 47 और टॉप-10 में 7 छात्रों ने इसी संस्थान को चुना।
2 min read
Google source verification
Chhattisgarh B.Ed Admission

महाविद्यालयों में छात्रों की तस्वीर (Photo Patrika)

BTech Admission 2026: छत्तीसगढ़ के बीटेक प्रवेश 2026 में इस बार छात्रों की पसंद का रुझान बदलता नजर आया है। इंजीनियरिंग प्रवेश के पहले और दूसरे राउंड के आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (CGIT) रायपुर राज्य का सबसे पसंदीदा इंजीनियरिंग संस्थान बनकर उभरा है। राज्य की मेरिट सूची के टॉप-100 अभ्यर्थियों में से 47 विद्यार्थियों को इसी संस्थान में सीट आवंटित हुई है। वहीं टॉप-10 रैंकर्स में से 7 छात्रों ने CGIT रायपुर को अपनी पहली पसंद बनाया।

Engineering Admission 2026: टॉप रैंकर्स का भरोसा CGIT पर

दोनों चरणों की काउंसिलिंग के आंकड़े बताते हैं कि इस वर्ष टॉप रैंकर्स का सबसे अधिक भरोसा CGIT रायपुर पर रहा। टॉप-10 में केवल तीन विद्यार्थियों ने अन्य इंजीनियरिंग संस्थानों का चयन किया। इससे स्पष्ट है कि राज्य के प्रतिभाशाली छात्रों के बीच CGIT की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

दूसरे राउंड के बाद लगभग भर गईं सीटें

कॉलेज में कुल 354 सीटें उपलब्ध हैं। पहले राउंड की काउंसिलिंग के बाद जहां 85 सीटें खाली थीं, वहीं दूसरे राउंड के बाद यह संख्या घटकर सिर्फ 20 सीटों तक पहुंच गई। अब शेष सीटों पर प्रवेश संस्था स्तर की काउंसिलिंग के माध्यम से किया जाएगा।

CSE की सीटें सबसे पहले हुईं क्लोज

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एम.आर. खान के अनुसार पहले राउंड में ही अधिकांश सीटों पर प्रवेश हो गया था। दूसरे राउंड तक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) की सीटें सबसे पहले भर गईं। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की ओपन कैटेगरी सीटें 13वीं रैंक तक और कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (डेटा साइंस) की सीटें 37वीं रैंक तक क्लोज हो गईं।

कोर ब्रांचों में भी बढ़ा टॉपर्स का रुझान

इस बार प्रवेश प्रक्रिया में सबसे बड़ा बदलाव यह देखने को मिला कि केवल कंप्यूटर साइंस ही नहीं, बल्कि सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन (E&TC), इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग जैसी पारंपरिक कोर ब्रांचों में भी उच्च रैंक वाले विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। विशेषज्ञ इसे उद्योगों में बढ़ते अवसरों और बदलती करियर प्राथमिकताओं का संकेत मान रहे हैं।

इन ब्रांचों की क्लोजिंग रैंक रही खास

दूसरे राउंड की काउंसिलिंग में प्रमुख शाखाओं की क्लोजिंग रैंक इस प्रकार रही

  • CSE (ओपन) – 13
  • CSE (डेटा साइंस) – 37
  • सिविल इंजीनियरिंग – 87
  • इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग – 180
  • इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन (E&TC) – 165
  • मैकेनिकल इंजीनियरिंग – 275

संस्था स्तर की काउंसिलिंग होगी अगला चरण

दूसरे राउंड के बाद बची हुई 20 सीटों पर अब संस्था स्तर की काउंसिलिंग के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि योग्य अभ्यर्थियों को जल्द ही काउंसिलिंग की तिथि और प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।