4 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सावधान रायपुर! भगवान दिखाने और मौत का डर दिखाकर सराफा कारीगर से 7 लाख के जेवर उड़ाए

Raipur Crime News: रायपुर में अंधविश्वास के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। बदमाशों ने भगवान के दर्शन और असमय मौत का डर दिखाकर एक सराफा कारीगर से करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर ठग लिए।
2 min read
Google source verification
Raipur Crime News

Raipur Crime News: सराफा कारीगर से 7 लाख के जेवर उड़ाए(photo-AI)

Raipur Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अंधविश्वास के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इस बार बदमाशों ने सराफा बाजार के एक कारीगर को भगवान के दर्शन कराने और परिवार पर असमय मौत का संकट होने का डर दिखाकर अपने जाल में फंसा लिया। पूजा-अनुष्ठान के नाम पर उन्होंने करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर अपने कब्जे में ले लिए और मौके से फरार हो गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Raipur Fraud Case: भगवान के दर्शन और पूजा-पाठ का दिया झांसा

घटना सदर बाजार की है, जहां दोपहर के समय दो युवक एक सराफा कारीगर के पास पहुंचे। दोनों ने खुद को पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करने वाला बताया। बातचीत के दौरान उन्होंने कारीगर को भगवान के साक्षात दर्शन कराने का दावा किया और अपनी बातों में फंसा लिया।

'असमय मौत' का भय दिखाकर ले लिए जेवर

आरोपियों ने कारीगर को बताया कि उसके परिवार पर बड़ा संकट मंडरा रहा है और किसी सदस्य की असमय मौत हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि विशेष पूजा-अनुष्ठान से इस संकट को टाला जा सकता है। इसी बहाने ठगों ने शुद्धिकरण के नाम पर करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर अपने कब्जे में ले लिए और मौका मिलते ही फरार हो गए।

शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी

ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली एसीपी दीपक मिश्रा ने बताया कि मामले की सूचना मिल गई है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

पहले भी कई लोगों को बना चुका है निशाना यह गिरोह

पुलिस के अनुसार पिछले चार-पांच वर्षों से इस तरह के गिरोह समय-समय पर रायपुर पहुंचकर लोगों को अपना शिकार बनाते रहे हैं। पुरानी बस्ती, गोलबाजार, खमतराई, तिल्दा और राखी सहित कई इलाकों में पहले भी इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक ऐसे गिरोह अक्सर दूसरे राज्यों, खासकर दक्षिण भारत से आते हैं।

इन बातों का रखें विशेष ध्यान

पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। यदि कोई व्यक्ति भगवान के दर्शन कराने, चमत्कार दिखाने, तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ या किसी अनिष्ट का भय दिखाकर गहने या पैसे मांगता है तो उसकी बातों में बिल्कुल न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में प्रवेश न दें और अपनी कीमती वस्तुएं किसी के हवाले न करें।

ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

यदि आपके साथ या आपके परिचित के साथ इस तरह की घटना होती है तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दें या नजदीकी पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से आरोपियों तक पहुंचने और अन्य लोगों को ठगी का शिकार होने से बचाया जा सकता है।