रायपुर

CG News: मामूली अंधड़ से घंटों तक बिजली सप्लाई बाधित, पत्रिका को फोन कर कई उपभोक्ताओं ने बताई अपनी पीड़ा

CG News: पत्रिका को कई उपभोक्ताओं ने फोन पर बिजली सप्लाई बाधित होने की समस्या बताई। बिना सूचना के बिजली सप्लाई बाधित होने से कई काम अटक रहे।
2 min read
• •
Updated: 1 May 2025, 8:25 AM IST
CG News: मामूली अंधड़ से घंटों तक बिजली सप्लाई बाधित, पत्रिका को फोन कर कई उपभोक्ताओं ने बताई अपनी पीड़ा

CG News: भीषण गर्मी में राजधानीवासी घंटों अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। शहर के कई इलाकों में बिना सूचना के बिजली सप्लाई किसी भी समय बंद कर दी जा रही है। मामूली अंधड़ के बाद कई कॉलोनियों में एक घंटे तक बिजली सप्लाई सामान्य नहीं होती है। पॉश इलाकों में भी बिजली सप्लाई बाधित रहती है।

CG News: घरों में पानी की समस्या उत्पन्न

पत्रिका को कई उपभोक्ताओं ने फोन पर बिजली सप्लाई बाधित होने की समस्या बताई। बिना सूचना के बिजली सप्लाई बाधित होने से कई काम अटक रहे। सुबह के समय बिजली सप्लाई बाधित होने पर लोगों के घरों में पानी की समस्या उत्पन्न हो जाती है। मेंटेनेंस के नाम पर बिना सूचना के बिजली कटौती पूरे शहर में चल रही है। उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की है कि विभाग का शिकायती नंबर 1912 भी फोन करने पर अधिकतर व्यस्त बताता है या कई बार उठता भी नहीं।

लो वोल्टेज की समस्या

बिजली समस्या के साथ कई कॉलोनीवासी लो वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। लो वोल्टेज के कारण घरों के टीवी, पंखे, कूलर, एसी पहले तो चल नहीं रहे। इसके अलावा बार-बार ट्रिप करने से इलेक्ट्रिक उपकरणों के खराब होने का डर भी उपभोक्ताओं को बना रहता है। बिजली विभाग के अधिकारियों से उपभोक्ताओं ने लो वोल्टेज की समस्या स्थायी रूप से दूर करने की मांग की है।

टंकियों में नहीं चढ़ रहा पानी

बिजली सप्लाई सुबह के समय बाधित होने से सबसे बड़ी समस्या टंकियों में पानी नहीं चढऩे की हो रही है। लो वोल्टेज और बिजली सप्लाई बंद होने के कारण पंप नहीं चल रहे हैं। इससे छत की टंकियों में बोर का पानी नहीं चढ़ा पा रहा है। घरों के नलों मेें पानी नहीं आ रहा।

ऑटो सिस्टम से जुड़ा, फिर भी कटौती

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रायपुर शहर ऑटो बिजली सप्लाई सिस्टम से जुड़ा है। यानी एक स्थान के ट्रांसफार्मर खराब होने पर बाधित होने पर दूसरे स्थान पर ऑटो कलेक्शन कर चालू किया जा सकता है। इसीलिए प्रत्येक ट्रांसफार्मर में उसकी क्षमता के 60 फीसदी ही लोड रखा जाता है। इसके बाद भी कर्मचारी किसी स्थान पर बिजली समस्या आने पर दूसरे स्थान से बिजली सप्लाई के लिए कनेक्शन नहीं जोड़ते और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

CG News: शहर के इन इलाकों में कटौती

जयस्तंभ-मालवीय रोड-सदरबाजार

सुंदरनगर इलाके, कृष्णानगर, रावणभांठा,

पुरानी बस्ती से चौक-बूढ़ातालाब का एरिया

आमापारा का क्षेत्र

डीडी नगर का क्षेत्र

कोटा-टीचर कॉलोनी व भवानी नगर

भीम सिंह कंवर, एमडी, सीएसपीडीसीएल: अंधड़ आने के कारण बिजली सप्लाई कहीं-कहीं पर प्रभावित होती है। शिकायत मिलते ही मेंटेनेंस का काम शुरू कर दिया जाता है। साथ ही ऑटो सिस्टम से एक समस्या आने पर दूसरे स्थान से बिजली शुरू करने का आदेश भी जारी किया गया है।

Updated on:
1 May 2025, 8:25 AM IST
Published on: