प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 21 सितम्बर को रायपुर आएंगे।
रायपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 21 सितम्बर को रायपुर आएंगे। उनका सबसे प्रमुख कार्यक्रम शक्ति केंद्रों के करीब 21 हजार कार्यकर्ताओं के साथ संवाद होगा। इस दौरान वे शक्ति केंद्रों के प्रभारियों, संयोजक और सह संयोजकों को चुनाव जीतने का मंत्र बताएंगे।
जानकारी के मुताबिक शाह केवल एक दिन के लिए रायपुर प्रवास पर आएंगे और देर शाम नियमित विमान से वापस लौट जाएंगे। हालांकि इस बात की भी चर्चा है कि शाह 22 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जांजगीर-चांपा जिले के प्रवास के दौरान उनके साथ रहेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह करीब 10.30 बजे नियमित विमान से रायपुर आएंगे और कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में नवनिर्मित सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद सीधे भाजपा कार्यालय के पास ही बन रहे डोम में जाकर शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
मालूम हो कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शाह का इस माह दूसरा दौरा है। इससे पहले शाह 5 सितम्बर को डोंगरगढ़ में जनसभा को संबोधित किया था और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अटल विकास यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
...इसलिए कांग्रेसियों के पेट में हो रहा दर्द
किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्राकर और महामंत्री युधिष्ठिर चंद्राकर ने कहा, सरकार ने किसानों के हित में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर अनुपूरक बजट का प्रस्ताव पारित कराया है। कांग्रेस के नेता किसानों के नाम पर सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। यदि भाजपा सरकार किसानों की बेहतरी की चिंता कर उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने का काम कर रही है, तो कांग्रेस नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है।