
रायपुर/जगदलपुर. जंगल सत्याग्रह और माईं दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेने पहुंचे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की रविवार को कोंडागांव में अचानक तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों की सलाह पर एबुलेंस से रायपुर लाया गया। देर रात रामकृष्ण केयर में बघेल को भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि हालात स्थिर है।
एक-दो दिन आराम करने की जरूरत है। दरअसल, रविवार को बघेल की यात्रा कांकेर से शुरू होकर दोपहर १२ बजे जगदलपुर पहुंचनी थी। यहां पर दंतेश्वरी माई का आशीर्वाद लेकर दंतेवाड़ा रवाना होना था। दंतेवाड़ा में माईं जी का दर्शन कर वापस लौटकर रात बीतानी थी। कांकेर से सुबह ६ बजे भूपेश की यात्रा निकली।
भूपेश बघेल दोपहर तीन बजे कांकेर पहुंचे थे, इस दौरान पहले से ही उन्हे बुखार था। तबीयत खराब होने के बाद भी उन्होने कार्यक्रम जारी रखने की बात कही, और कांकेर से कोण्डागांव पहुंचे। इसी बीच उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। करीबी सूत्रों के अनुसार उनका शुगर लेवल लो हो गया और बीपी बढ़ गया।
केशकाल और कोंडागांव में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। हालांकि, कांकेर में ही उनकी तबीयत कुछ खराब थी। कोंडागांव पहुंचते ही उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। उन्हें तुरंत कोंडागांव सर्किट हाउस में लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने जांच किया। डॉक्टरों ने बताया कि बघ्ज्ञेल का बीपी बढ़ गया था तथा उन्हें बुखार भी था।
डॉक्टरों ने बघेल की तबीयत को देखते हुए रायपुर भेज दिया। बताया जाता है कि कोंडगांव से जिस एंबुलेस से बघेल रवाना हुए थे, बीच रास्ते में उसमें तकनीकी खराबी आ गई थी। कांकेर जिला अस्पताल से दूसरी संजीवनी लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को रायपुर लाया गया।