
CG Cabinet Decision: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 18 नवंबर को रायपुर में कैबिनेट की मीटिंग हुई। साय कैबिनेट में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के बाद डिप्टी सीएम अरुण साव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।
उपमुख्यमंत्री साव ने बताया कि कैबिनेट द्वारा सीएम विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुसार नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा संचालित रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद कॉलेज को तीन वर्षों के लिए आवर्ती (recurring) और अनावर्ती (non-recurring) अनुदान देने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) से जुड़े अबूझमाड़िया छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
साव ने बताया कि इसके लिए छत्तीसगढ़ अशासकीय महाविद्यालय एवं संस्था (स्थापना एवं विनियमन) अधिनियम-2006 के तहत निर्धारित नियमों में छूट को मंजूरी दी गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रारंभ इस महाविद्यालय के संचालन एवं अधोसंरचना विकास के लिए तीन वर्षों में लगभग 40.98 करोड़ रुपए का प्रावधान प्रस्तावित है।
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि इस निर्णय से अबूझमाड़ सहित दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की सुविधा मिलेगी तथा उनके शैक्षणिक एवं सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।