
CG Teacher Recruitment: छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है। राज्य सरकार ने शिक्षक भर्ती एवं पदोन्नति नियम 2026 में संशोधन करते हुए प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्पेशल एजुकेटर पदों की पात्रता में बदलाव किया है। अब केवल डी.एड. या बी.एड. स्पेशल एजुकेशन की डिग्री होना पर्याप्त नहीं होगा। अभ्यर्थियों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास करने के साथ भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) में पंजीकरण भी कराना होगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में 5 नवंबर 2026 को अधिसूचना जारी की है।
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 309 के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए भर्ती एवं पदोन्नति नियम 2026 में संशोधन किया है। इसके तहत नियमों के परिशिष्ट-एक में न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता से जुड़े खंड चार और पांच को संशोधित किया गया है। नए प्रावधानों में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्पेशल एजुकेटर पदों के लिए जरूरी योग्यताएं स्पष्ट की गई हैं।
नए नियमों के मुताबिक, स्पेशल एजुकेटर (प्राथमिक) पद के लिए अभ्यर्थी के पास भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI), नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त संस्थान से डी.एड. स्पेशल एजुकेशन की डिग्री या इसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसके साथ ही अभ्यर्थी का RCI में पंजीकृत होना अनिवार्य है। निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के अलावा शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में उत्तीर्ण होना भी जरूरी किया गया है।
स्पेशल एजुकेटर (उच्च प्राथमिक) पद के लिए बी.एड. स्पेशल एजुकेशन या इसके समकक्ष योग्यता निर्धारित की गई है। यह डिग्री भारतीय पुनर्वास परिषद, नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त संस्थान से होनी चाहिए। इस पद के लिए भी अभ्यर्थी का RCI में पंजीकरण जरूरी होगा। साथ ही निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास करना अनिवार्य रहेगा।
संशोधित नियमों में सबसे अहम बदलाव यह है कि प्राथमिक और उच्च प्राथमिक, दोनों स्तरों के स्पेशल एजुकेटर पदों के लिए TET उत्तीर्ण होना जरूरी कर दिया गया है। यानी केवल संबंधित डिग्री या डिप्लोमा के आधार पर अभ्यर्थी को पात्र नहीं माना जाएगा। शैक्षणिक योग्यता के साथ TET पास करना और RCI में पंजीकरण की शर्त भी पूरी करनी होगी।
सरकार के इस संशोधन से स्पेशल एजुकेशन में डी.एड. और बी.एड. की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती की तैयारी करते समय नए नियमों का ध्यान रखना होगा। आवेदन करने से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, TET और RCI पंजीकरण की शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा। इससे अभ्यर्थियों को अपनी पात्रता के अनुसार तैयारी करने में मदद मिलेगी।