रायपुर

CG Weather Update : इस वजह से तेजी से गिरा पारा, अब चलेंगी सर्द हवाएं, जारी हुआ पूर्वानुमान

CG Weather Update : तीन से चार किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही उत्तरी-पूर्वी हवा ने सिहरन बढ़ा दी है...

2 min read
Nov 18, 2023
weather_news.jpg

cg weather Update : पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही न्यूनतम पारा 3 डिग्री तक नीचे आ गया। ठंड के मौसम में पहली बार रात का तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। एक माह पूर्व न्यूनतम तापमान पहली बार 13 डिग्री तक नीचे आया था। इसके बाद लगातार पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात के असर से तापमान 16 डिग्री तक बढ़ गया था। फिलहाल मौसम के बदले मिजाज से वातावरण में ठंडक घुल गई है। तीन से चार किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही उत्तरी-पूर्वी हवा ने सिहरन बढ़ा दी है। गुरुवार को भी दिन में जहां धूप के बीच ठंडक महसूस की गई वहीं रात में भी ठंड का असर बरकरार रहा।

दो दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरी तरह समाप्त हो गया है। दो दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। गुरुवार और शुक्रवार को सर्दी का असर बढ़ने से लोग गर्म कपड़े पहनकर निकले नजर आए। रात बढ़ने के साथ ही ठंड का असर भी बढ़ता गया। दिन और रात के तापमान में शुक्रवार को दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पारा गिरने के बाद गुरुवार की रात अच्छी ठंडक महसूस हुई। आउटर में सर्द हवाओं का सबसे अधिक अहसास हुआ।

दो दिन कम रहेगा पारा
मौसम विभाग का कहना है कि एक पश्चिमी विक्षोभ 19 नवंबर को भारतीय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है, जिसके कारण वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ जाएगी। इसके प्रभाव से शनिवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर से आ रही सर्द हवाओं का नमी के साथ संगम होने से प्रदेश में ठंडक बढ़ेगी। दिसंबर की शुरुआत तक तापमान 4 डिग्री और नीचे आ सकता है।

कई जिलों में बढ़ेगा तापमान
दुर्ग, सरगुजा संभाग के कई जिलों को छोड़कर रायपुर व अन्य जिलों में तापमान में वृद्धि की संभावना भी बन रही है। चक्रवात मिधिला इसके पीछे वजह है। यह चक्रवात उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी उत्तर-पूर्व की ओर 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।

केंद्र - अधि. - न्यू.
रायपुर- 31.8 - 18.7
बिलासपुर - 30.8 - 18.0
पेंड्रारोड - 30.0 - 14.0
अंबिकापुर - 28.7 - 12.8
जगदलपुर- 32.6 - 16.7
दुर्ग - 31.8 - 15.4
राजनांदगांव - 30.5 - 15.7

Published on:
18 Nov 2023 02:49 pm