रायपुर

CGPSC ने सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा के मॉडल उत्तर किए जारी, 7 अक्टूबर तक दर्ज करें आपत्ति

CGPSC ADPO Exam 2026: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने गृह विभाग के अंतर्गत सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा - 2026 के माॅडल उत्तर जारी कर दिए है।
2 min read
• •
Sep 28, 2026
CGPSC
CGPSC (photo-patrika)

CGPSC ADPO Exam 2026: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने गृह विभाग के अंतर्गत आयोजित सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा-2026 के मॉडल उत्तर जारी कर दिए हैं। आयोग ने 28 सितंबर 2026 को मॉडल उत्तर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किए। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपने प्रश्नपत्र के मॉडल उत्तर देख सकते हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रश्न या उत्तर विकल्प को लेकर आपत्ति है तो वह 7 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज कर सकता है।

सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा-2026 का आयोजन 20 सितंबर 2026 को किया गया था। आयोग के विज्ञापन क्रमांक 03/2026 के तहत कुल 15 पदों के लिए परीक्षा राज्य के 5 जिलों में बनाए गए 21 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। अब परीक्षा के मॉडल उत्तर जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को अपने उत्तरों का मिलान करने और निर्धारित आधार पर आपत्ति दर्ज करने का अवसर दिया गया है।

ऐसे दर्ज करें ऑनलाइन आपत्ति

दावा आपत्ति करने के लिए अभ्यर्थी को एक्टिविटी सेक्शन में जाकर ऑब्जेक्शन फिलिंग पर क्लिक करना होगा। जिसके बाद एक नया पेज खुलेगा जिसमें अभ्यर्थी परीक्षा का नाम, प्रश्न पत्र, सेट और प्रश्न क्रमांक का चयन करना होगा। उसके बाद अभ्यर्थी को आपत्ति के प्रकार का चयन करना होगा। अभ्यर्थी को आपत्ति का कारण स्पष्ट रुप से संबंधित बाॅक्स में दर्ज करना होगा। इसके बाद आपत्ति के संदर्भ में प्रमाण स्वरुप प्रश्नवार दस्तावेज पीडीएफ में तैयार कर अपलोड करना होगा।

इन आधारों पर कर सकते हैं दावा-आपत्ति

अभ्यर्थी मॉडल उत्तर पर निर्धारित श्रेणियों के तहत आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। इनमें सभी उत्तर विकल्प गलत होना, आयोग द्वारा जारी उत्तर विकल्प गलत होना, एक से अधिक उत्तर विकल्प सही होना, प्रश्न गलत होना, प्रश्न पाठ्यक्रम से बाहर होना तथा हिंदी-अंग्रेजी अनुवाद में तथ्यात्मक अंतर होना शामिल है। आपत्ति दर्ज करते समय अभ्यर्थी को संबंधित कारण स्पष्ट रूप से बताना होगा और उसके समर्थन में प्रमाण भी अपलोड करना होगा।

प्रति प्रश्न 50 रुपये देना होगा शुल्क

मॉडल उत्तर पर आपत्ति दर्ज करने के लिए प्रति प्रश्न 50 रुपये दावा-आपत्ति शुल्क निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा। बैंक या अन्य सेवा शुल्क का भुगतान अभ्यर्थी को स्वयं करना होगा। आयोग के निर्देश के अनुसार शुल्क का सफल भुगतान होने के बाद दोबारा आपत्ति दर्ज करने का अवसर नहीं मिलेगा।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन या दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने, शुल्क का सफल भुगतान नहीं होने या गलत प्रश्नपत्र सेट दर्ज करने की स्थिति में आपत्ति स्वतः खारिज की जा सकती है।

देखें लिस्ट

मॉडल उत्तर में पार्ट-1 जनरल नॉलेज और पार्ट-2 लॉ के सेट ए, बी, सी और डी के उत्तर शामिल हैं। अभ्यर्थी अपने संबंधित सेट के मॉडल उत्तर की जांच कर सकते हैं और यदि किसी प्रश्न पर आपत्ति है तो 7 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। मॉडल उत्तर पर प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा के बाद आयोग द्वारा अंतिम उत्तर कुंजी जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ही आपत्ति दर्ज करने और प्रमाणिक दस्तावेज अपलोड करने की सलाह दी गई है।

Updated on:
28 Sept 2026 05:45 pm
Published on:
28 Sept 2026 05:17 pm