
B.Ed Admission 2026: एससीईआरटी ने बीएड की अंतिम चरण की काउंसिलिंग में आंशिक संशोधन करते हुए नए पंजीकरण के लिए पोर्टल ओपन किया है। बीएड में अंतिम व तृतीय चरण की काउंसिलिंग में तीन सूची जारी होने के बाद भी लगभग 900 सीट खाली हैं। नए पंजीयन खुलने से बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु इच्छुक विद्यार्थियों को प्रवेश का लाभ मिलेगा। ऑनलाइन नामांकन एवं विकल्प संशोधन की तिथि 22 नवंबर व 23 नवंबर निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रिया कर सकते हैं। किसी भी महाविद्यालय में प्रवेश प्राप्त कर चुके अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पात्र नहीं हैं। इस चरण में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन सहमति देना अनिवार्य है।
ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पूर्व में काउंसलिंग हेतु पंजीयन नहीं कराया है और किसी भी महाविद्यालय में प्रवेश नहीं लिया है, वे शुल्क जमा कर नवीन नामांकन कर सकते हैं। साथ ही ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने प्रथम प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण में पंजीयन कराया है, लेकिन अभी तक किसी भी महाविद्यालय में प्रवेश नहीं लिया है, वे उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुसार अपने महाविद्यालयीन विकल्पों में निःशुल्क संशोधन कर सकते हैं। वहीं, ऐसे अभ्यर्थी जिन्हें तृतीय चरण की काउंसलिंग में महाविद्यालय आवंटित हुआ था, लेकिन उन्होंने निर्धारित समय में प्रवेश नहीं लिया, वे निर्धारित पंजीयन शुल्क जमा कर पुनः नामांकन करते हुए आगामी काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
जिन विद्यार्थियों ने प्रथम, द्वितीय या तृतीय चरण की में पंजीयन कराया था, लेकिन अब तक किसी भी महाविद्यालय में प्रवेश नहीं लिया है, उन्हें भी राहत दी गई है। ऐसे अभ्यर्थी उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुसार अपने महाविद्यालयीन विकल्पों में निःशुल्क संशोधन कर सकेंगे। इससे पहले भरे गए विकल्पों में बदलाव कर विद्यार्थी अपनी पसंद और उपलब्ध सीटों के अनुसार नए कॉलेज चुन सकेंगे। इसके लिए उन्हें दोबारा पंजीयन शुल्क नहीं देना होगा।
तृतीय चरण की काउंसिलिंग में जिन अभ्यर्थियों को महाविद्यालय आवंटित किया गया था, लेकिन उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश नहीं लिया, उनके लिए भी नया मौका दिया गया है। ऐसे अभ्यर्थी निर्धारित पंजीयन शुल्क जमा कर दोबारा नामांकन कर सकेंगे और आगामी काउंसिलिंग प्रक्रिया में भाग ले पाएंगे। इस तरह अलग-अलग श्रेणियों के अभ्यर्थियों को रिक्त सीटों के अनुसार प्रवेश पाने का अवसर मिलेगा।