
Chhattisgarh Board Exams: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाई स्कूल, हायर सेकंडरी और शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि मुख्य परीक्षा 2027 की समय सारणी जारी कर दी है। हायर सेकंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा 12 मार्च से 8 अप्रैल 2027 तक आयोजित होगी। ऐसे ही हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 13 मार्च से 5 अप्रैल 2027 तक और शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा(प्रथम एवं द्वितीय वर्ष) 12 मार्च से 20 मार्च 2027 तक आयोजित होग। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। पूरी समय सारणी शिक्षा मंडल की वेबसाइट पर अपलोड की गई है। इसके साथ ही मंडल की ओर से हाईस्कूल / हायर सेकण्डरी परीक्षा वर्ष 2027 के नियमित छात्र/छात्राओं की प्रायोगिक परीक्षा / प्रायोजना कार्य एवं अंक प्रेषण संबंधी निर्देश जारी किए गए है।
हाईस्कूल / हायर सेकण्डरी परीक्षा वर्ष 2026 के नियमित छात्र/छात्राओं की प्रायोगिक परीक्षा / प्रायोजना कार्य 1 जनवरी से 20 जनवरी 2027 के बीच संबंधित संस्था में ही कराई जाएगी। शिक्षा मंडल की ओर से निर्देश में कहा गया है कि प्रायोगिक परीक्षा/प्रायोजना कार्य में अनुपस्थित छात्रों को किसी भी दशा में विशेष अनुमति नहीं दी जाएगी और न ही दोबारा परीक्षा कराई जाएगी। मंडल द्वारा नियुक्त बाह्य परीक्षक से ही प्रायोगिक परीक्षा कराई जाएगी। स्कूल द्वारा स्वेच्छा से बाह्य परीक्षक नियुक्त कर प्रायोगिक परीक्षा नहीं कराई जा सकेंगी। यदि ऐसा किया जाता है, तो ऐसी परीक्षा मान्य नही की जाएगी।
आंतरिक परीक्षक की नियुक्ति संबंधित संस्था स्तर पर की जावेगी, संस्था में अध्यापन करा रहे विषय शिक्षकों को ही आंतरिक परीक्षक नियुक्त किया जाएगा। प्रायोजना कार्य संबंधित संस्था स्तर पर ही विषय शिक्षक द्वारा आयोजित किया जाएगा। प्रायोगिक परीक्षा / प्रायोजना कार्य का आंतरिक मूल्याकंन संबंधित संस्था स्तर पर ही किया जाएगा। प्रायोगिक परीक्षा / प्रायोजना कार्य के बाद अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि 31 जनवरी 2027 तक मण्डल पोर्टल पर करना होगा। निर्धारित तिथि के बाद ऑनलाईन अंक प्रविष्टि एवं संशोधन के लिए पोर्टल खोलने पर प्रति दिवस प्रति संस्था राशि 1000 रुपए की दर से विलंब शुल्क ऑनलाइन भुगतान करने पर संबंधित संस्था का पोर्टल दो दिन के लिए खोला जाएगा। विलंब शुल्क किसी भी परिस्थिति में छात्र/छात्रा से वसूल नहीं किया जा सकता।