रायपुर

नामांकन जांच के दौरान आपस में भिड़े दो प्रत्याशी, एक ही सीट पर दोनों को दिया बी-फॉर्म

रायपुर जिला निर्वाचन कार्यालय में शनिवार को हाईवोल्टेज ड्रामा चला
2 min read
Nov 04, 2018
CGNews
नामांकन जांच के दौरान आपस में भिड़े दो प्रत्याशी, एक ही सीट पर दोनों को दिया बी-फॉर्म

रायपुर. रायपुर जिला निर्वाचन कार्यालय में शनिवार को हाईवोल्टेज ड्रामा चला। हुआ यह कि अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) के दो नेताओं ने रायपुर उत्तर विधानसभा सीट से नामांकन भरा। जब दोनों नेताओं को नामांकन-पत्रों की जांच के लिए निर्वाचन कार्यालय बुलाया गया, तो दोनों खुद को असली प्रत्याशी बताते हुए आपस में भिड़ गए। जकांछ ने दोनों को बी-फॉर्म जारी कर दिया था। कलक्टर एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आखिर में एक दावेदार का नामांकन-पत्र रद्द कर दिया।

जकांछ से प्रत्याशी के रूप में नितिन भंसाली ने शुक्रवार को नामांकन भरा था, जबकि अमर गिदवानी ने दो दिन पहले ही नामांकन भर दिया था। जब शनिवार को रिटर्निंग अधिकारी के द्वारा दस्तावेजों की स्क्रूटनी की गई, तो दोनों के नामांकन-पत्र के साथ पार्टी से जारी बी-फॉर्म मिला।

इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी ने दोनों प्रत्याशियों को कार्यालय बुलाया। दोनों प्रत्याशियों ने कार्यालय में दावेदारी पेश की। इसके कारण माहौल गरमा गया। दो घंटे बाद शाम तकरीबन ४ बजे कलक्टर ने आखिर में अमर गिदवानी के आवेदन का चयन किया व नितिन भंसाली के आवेदन को रद्द कर दिया।

जकांछ के रायपुर उत्तर से प्रत्याशी अमर गिदवानी ने बताया कि मुझे पार्टी ने पहले ही अधिकृत प्रत्याशी के रूप में बी-फॉर्म दिया था। नितिन भंसाली को धोखे से बी-फॉर्म मिल गया था। अब कोई विवाद नहीं है। सब ठीक हो चुका है।

जकांछ के नेता नितिन भंसाली ने बताया कि मुझे बी-फॉर्म शुक्रवार को ही मिला था। इसके कारण थोड़ी विवाद की स्थिति बनी थी। अब अमर गिदवानी को मेरा पूरा समर्थन रहेगा।

इसे बनाया आधार
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मामले का निराकरण करते हुए बताया कि कर्नाटक में इसी तरह के एक मामले में बाद में नामांकन भरने वाले प्रत्याशी का चयन किया गया था। यह माना गया था कि पार्टी ने अपना फैसला अंतिम समय में बदला होगा। लेकिन प्रत्याशी ने जब हाईकोर्ट में मामले को चुनौती दी, तब पहले नामांकन भरने वाले प्रत्याशी के नामांकन का चयन किया गया था।

कुकरेजा का नामांकन रद्द
कांग्रेस के पार्षद और रायपुर उत्तर से कांग्रेस की टिकट के दावेदार रहे अजीत कुकरेजा का नामांकन फॉर्म निर्वाचन अधिकारी द्वारा रद्द कर दिया गया है। शुक्रवार को अजीत ने भी कांग्रेस डमी प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। कुकरेजा ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस से डमी प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। ताकि यदि प्रत्याशी के फॉर्म में यदि कोई गलती हो जाए तो पार्टी को चुनावी मैदान से बाहर न होना पड़े।

उत्तर विधानसभा से कुलदीप जुनेजा ने कांगेस के अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल कर पार्टी द्वारा जारी किया गया बी फार्म जमा कर दिया था। अजीत कुकरेजा के पास कांग्रेस का बी फॉर्म और नामांकन फॉर्म में दस प्रस्तावकों की हस्ताक्षरयुक्त सूची नहीं लगाई गई थी। इन कारणों से नामांकन फॉर्म रद्द किया गया है।

दूसरा चरण: 2 हजार 655 नामांकन जमा
दूसरे चरण के निर्वाचन के लिए कुल 2 हजार 655 नामांकन पत्र जमा हुए हैं। नामांकन दाखिले के छठवें व अंतिम दिन 2 नवंबर को १ हजार 357 नामांकन पत्र जमा हुए। उम्मीदवार 5 नवंबर तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। दूसरे चरण के निर्वाचन के लिए 19 जिलों की 72 विधानसभा क्षेत्रों में 20 नवंबर को मतदान और 11 दिसंबर को मतगणना होगी।

नामांकन की जांच के बाद बिलासपुर जिले में 19, रायगढ़ जिले में 15, कोरबा जिले में 13, जांजगीर-चांपा जिले में 10, सूरजपुर में सात, सरगुजा में छह, कोरिया में तीन, मुंगेल व जशपुर में दो-दो नामांकन फार्म रद्द किए गए। बेमेतरा में एक, बालोद में छह और नवागढ़ विधानसभा में तीन नामांकन फार्म रद्द हुए हैं।

Updated on:
04 Nov 2018 11:04 am
Published on:
04 Nov 2018 11:04 am