
Chhattisgarh Holidays: @राहुल जैन। छत्तीसगढ़ में पांच दिन कामकाज की व्यवस्था के बीच सरकारी कर्मचारियों के लिए वर्ष 2027 का अवकाश कैलेंडर छुट्टियों की प्लानिंग के लिहाज से उपयोगी है। अगले साल सामान्य अवकाशों में 10 तारीखें शुक्रवार या सोमवार को पड़ रही हैं। इन दिनों में शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश जुड़ने से कर्मचारियों को लगातार तीन दिन की छुट्टी मिल सकती है। ऐसे में कर्मचारी सालभर के पारिवारिक कार्यक्रम, यात्रा और निजी कामों की योजना पहले से बना सकते हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग की 27 अक्टूबर 2026 की अधिसूचना के अनुसार, जनवरी में छेरछेरा से इसकी शुरुआत होगी। मार्च में होली और गुड फ्राइडे, अप्रैल में भक्त माता कर्मा जयंती और महावीर जयंती, मई में ईद-उल-जुहा, जून में कबीर जयंती, अगस्त में हरेली और विश्व आदिवासी दिवस, सितंबर में हरितालिका तीज तथा अक्टूबर में दीपावली पर यह अवसर मिलेगा। इनमें छह छुट्टियां शुक्रवार और पांच सोमवार को पड़ रही हैं। शुक्रवार को अवकाश होने पर शनिवार-रविवार के साथ तीन दिन का वीकेंड बनेगा। इसी तरह सोमवार को छुट्टी होने पर शनिवार और रविवार के बाद सोमवार को भी अवकाश रहेगा। इस तरह कर्मचारियों को छुट्टियों का उपयोग यात्रा, परिवार के साथ समय बिताने या दूसरे जरूरी कामों के लिए करने का अवसर मिल सकता है।
वर्ष 2027 में दीपावली का त्योहार कर्मचारियों की छुट्टी का समीकरण बिगड़ सकती है। दरअसल, दीपावली 29 अक्टूबर शुक्रवार को रहेगी। दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा पर भी सरकारी अवकाश रहता है, लेकिन शनिवार और रविवार की वजह से कर्मचारियों को इसका नुकसान होगा। वहीं रविवार को स्वतंत्रता दिवस, ईद-ए-मिलाद, दशहरा (विजयादशमी) और गुरु नानक जयंती की अतिरिक्त छुट्टी नहीं मिल पाएगी।
22 जनवरी- छेरछेरा
26 मार्च- गुड फ्राइडे
2 अप्रैल- भक्त माता कर्मा जयंती
18 जून- कबीर जयंती
3 सितंबर- हरितालिका (तीजा पर्व)
22 मार्च- होली
19 अप्रैल- महावीर जयंती
17 मई- ईद-उल-जुहा (बकरीद)
2 अगस्त- हरेली
9 अगस्त- विश्व आदिवासी दिवस