रायपुर

आज संभलकर निकलें! छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी, जानिए आपके जिले का मौसम

Chhattisgarh Rainfall: छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। 24 अगस्त को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया गया ह
2 min read
Aug 24, 2026
Chhattisgarh Weather Alert
Chhattisgarh Weather Alert: रायपुर में भी बारिश के आसार(photo-patrika)

Chhattisgarh Weather Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं, वहीं बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

Chhattisgarh Rain Alert: बंगाल की खाड़ी का Low Pressure सिस्टम सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इस सिस्टम के अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा और उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर जाने की संभावना है। वहीं, इससे जुड़ी द्रोणिका झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है। इन सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर प्रदेश में बारिश के रूप में देखने को मिल रहा है।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में 24 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। रविवार को हुई बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। महादेव घाट रोड पर बारिश के दौरान कांवड़ियों को भीगते हुए यात्रा करते देखा गया।

कोटाडोल में सबसे ज्यादा 11 सेमी बारिश

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। एमसीबी जिले के जनकपुर से लगे कोटाडोल में सबसे ज्यादा 11 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 8-8 सेमी, जबकि छुरा और नांगार में 7 सेमी बारिश हुई। सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में भी करीब 6 सेमी बारिश दर्ज की गई।

इन जिलों में Orange Alert

मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए Orange Alert जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश की संभावना है।

अगस्त के अंत तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसमी बारिश फिलहाल सामान्य के आसपास है, हालांकि अब तक इसमें करीब 7 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसके बावजूद सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगस्त के अंत तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Updated on:
24 Aug 2026 09:44 am
Published on:
24 Aug 2026 09:44 am