
CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में फिर जमकर बरसेंगे बादल(photo-patrika)
CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने 18 अगस्त को उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं रायपुर समेत कई जिलों में बारिश और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की फुहारें जारी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बारिश की संभावना बनी हुई है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लगातार बारिश के चलते रायपुर में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटे के लिए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में आकाशीय बिजली, 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के पास बना अवदाब धीरे-धीरे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। 17 अगस्त तक यह इसी क्षेत्र में केंद्रित था। अगले 24 घंटों में इसके पहले उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम प्रभावित होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 17 सेमी बारिश कोरबा में हुई। इसके अलावा कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी और डौंडीलोहारा में 7 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
वहीं ओडगी, रायपुर शहर, रायपुर, छाल और कापू में 6-6 सेमी बारिश हुई। लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दर्री में 5-5 सेमी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य कई क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रभावित जिलों में लोगों को आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर खुले स्थानों पर जाने से बचने और मौसम खराब होने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है।
Updated on:
18 Aug 2026 11:51 am
Published on:
18 Aug 2026 11:12 am
