रायपुर

शराब के नशे में धुत बदमाशों के नहीं कांपे हाथ, पहले दौड़ा-दौड़ाकर पीटा फिर तलवार से काट डाला

राजधानी में हत्या का मामला सामने आया है, जहां शराब के नशे में धुत बदमाशों ने दो बाइक सवार की जमकर पिटाई कर दी। इसमें एक युवक की हत्या हो गई।

2 min read
Oct 22, 2017
news
शराब के नशे में धुत बदमाशों के नहीं कांपे हाथ, पहले दौड़ा-दौड़ाकर पीटा फिर तलवार से काट डाला

रायपुर . राजधानी के गुढि़यारी इलाके में युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष के युवकों ने दो युवकों को घेरकर तलवार से हमला कर दिया। इससे एक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। इससे पहले भी इस इलाके में कुछ युवकों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।

पुलिस के मुताबिक प्रेम नगर निवासी मोहम्मद मुर्शीद अपने साथी विजय माठे (19) के साथ शनिवार की रात करीब 7 बजे दीक्षा नगर के पास से बाइक से गुजर रहे थे। इसी दौरान कर्मा स्कूल के पास सूरज, राम, बठवा व अन्य युवक खड़े थे। सभी शराब के नशे में थे। युवकों ने दोनों को रोक लिया और विवाद करने लगे। विवाद के बाद युवकों ने दोनों की पिटाई शुरू कर दी। दोनों ने इसका विरोध किया और उन लोगों ने भी मारपीट की।

इस बीच आरोपी युवकों ने तलवार और लाठी से उन पर हमला कर दिया। इससे विजय को गंभीर चोटें आईं। मारपीट करके बाद आरोपी युवक भाग निकले। विजय को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुर्शीद की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उनकी तलाश शुरू कर दी।

युवक की मौत
अस्पताल में उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल विजय की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। शनिवार-रविवार की रात तलाशी में लगी पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।

पहले भी हो चुकी है हत्या
इस घटना से कुछ दिन पहले भी कुछ युवकों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। शुभम भवतेकर की उसी मोहल्ले के कुछ युवकों ने मामूली बात पर चाकू मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में उचित कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने थाने का घेराव भी किया था।

Published on:
22 Oct 2017 07:11 pm