
Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज बदलने लगा है। तापमान बढ़ने के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में अंधड़ और बारिश का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को राजधानी रायपुर के कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई, जबकि कई जगह हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि बारिश के बाद भी उमस से लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बिलासपुर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।
मंगलवार को लोकल सिस्टम के सक्रिय होने से कई क्षेत्रों में बारिश हुई। बस्तर में सबसे ज्यादा करीब 5 सेमी पानी गिरा। इसके अलावा करपावंड में 3 सेमी, जशपुरनगर, रामानुजनगर और दरभा में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं सक्ती, मनोरा और कोंडागांव में करीब 1 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी रायपुर में बारिश की संभावना बनी हुई है। सुबह से ही राजधानी में बादल छाए हुए हैं। विभाग ने अंधड़ के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में बारिश, तेज हवा, आकाशीय बिजली और गरज-चमक को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया शामिल हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।