रायपुर

Census 2027: छत्तीसगढ़ में 10 जनवरी से शुरू होगी ‘स्वगणना’, घर बैठे भर सकेंगे जाति व अन्य जानकारी

Census 2027: छत्तीसगढ़ में 10 जनवरी 2027 से स्वगणना शुरू होगी। नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के जरिए जाति और परिवार की अन्य जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
3 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 5:28 PM IST
Cecus 2027
10 जनवरी से शुरू होगी 'स्वगणना (photo Patrika)

Digital Census: छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियों के साथ आम नागरिकों को एक नई सुविधा मिलने जा रही है। अब जनगणना के लिए सरकारी कर्मचारी के घर पहुंचने का इंतजार करना जरूरी नहीं होगा। परिवार का कोई भी सदस्य घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और प्रत्येक सदस्य की जानकारी खुद दर्ज कर सकेगा। इसके लिए 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना करेंगे।

देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी

इस बार की जनगणना कई मायनों में महत्वपूर्ण है। यह देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें पहली बार स्वतंत्र भारत में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अलावा अन्य सभी जातियों की भी गणना की जाएगी। ऐसे में परिवार के सदस्यों की व्यक्तिगत जानकारी, सामाजिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार, वैवाहिक स्थिति और जाति संबंधी विवरण दर्ज करना होगा। स्वगणना का उद्देश्य नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं और सुविधानुसार भरने का अवसर देना है।

प्रगणक घर पहुंचकर उसका सत्यापन करेंगे

हालांकि, ऑनलाइन जानकारी भर देने के बाद भी प्रगणक घर पहुंचकर उसका सत्यापन करेंगे। यानी स्वगणना करने का मतलब जनगणना की प्रक्रिया से पूरी तरह मुक्त होना नहीं है। इस सुविधा से खासतौर पर उन परिवारों को फायदा होगा, जिनके सदस्य नौकरी, व्यवसाय या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते। परिवार का कोई जिम्मेदार सदस्य सभी सदस्यों की जानकारी एक जगह जुटाकर दर्ज कर सकेगा। इससे गलत नाम, उम्र या अन्य विवरण दर्ज होने की आशंका भी कम की जा सकती है।

स्वगणना में 40 बिंदुओं पर देनी होगी जानकारी

जनगणना के दूसरे चरण के लिए केंद्र सरकार ने 40 सवालों की प्रश्नावली अधिसूचित की है। इसमें प्रत्येक व्यक्ति की अलग-अलग जानकारी दर्ज की जाएगी। इसे मोटे तौर पर इन श्रेणियों में समझा जा सकता है।

  • पहचान और पारिवारिक विवरण: नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, उम्र, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय उम्र, पति या पत्नी का नाम, पिता और माता का विवरण।
  • सामाजिक और सांस्कृतिक जानकारी: घोषित राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य जाति, मातृभाषा और अन्य भाषाओं का ज्ञान।
  • शिक्षा और रोजगार: साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, पढ़ाई का स्तर, शिक्षण संस्थान में अध्ययन, पिछले एक साल में काम किया या नहीं, व्यवसाय, आर्थिक गतिविधि और कार्यस्थल तक आने-जाने का विवरण।
  • प्रवास संबंधी जानकारी: जन्म स्थान, पिछला निवास स्थान, पलायन का कारण, वर्तमान गांव या शहर में रहने की अवधि और स्थायी निवास का पता।
  • महिलाओं से संबंधित जानकारी: वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या, अब तक जन्मे जीवित बच्चों की संख्या और पिछले एक साल में जीवित जन्मे बच्चों की संख्या। ये सवाल संबंधित वैवाहिक श्रेणियों की महिलाओं से पूछे जाएंगे।
  • अन्य महत्वपूर्ण विवरण: कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की कुल संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, वोटर आईडी, भारतीय पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता।बाक्स

ऐसे करे स्वगणना

  • निर्धारित अवधि में आधिकारिक स्वगणना पोर्टल se.census.gov.in खोलें।
  • पोर्टल पर उपलब्ध निर्देशों के अनुसार अपने परिवार का विवरण दर्ज करें।
  • परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी अलग-अलग और सही भरें।
  • सभी जानकारियां जांचने के बाद फॉर्म सबमिट करें।
  • जानकारी सफलतापूर्वक जमा होने पर मिलने वाली स्पेशल आईडी सुरक्षित रख लें।
  • जब प्रगणक घर आएं तो उन्हें यह पहचान संख्या दिखाएं, ताकि दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सके।

डेटा रहेगा गोपनीय, कानूनी संरक्षण भी

जनगणना में दी गई व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता को लेकर भी विशेष कानूनी प्रावधान हैं। जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 15 के तहत व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती। इसका उपयोग अदालत में साक्ष्य के रूप में भी नहीं किया जा सकता और न ही इसे किसी अन्य संस्था के साथ साझा किया जा सकता है। केंद्र सरकार के अनुसार डिजिटल जनगणना में डेटा की सुरक्षा के लिए एन्क्रिप्शन और सुरक्षित डेटा सेंटर जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं।

Updated on:
12 Nov 2026, 5:28 PM IST
Published on: