रायपुर

छत्तीसगढ़ विधानसभा में जमकर हंगामा, लगे मोदी के दो आगे मोदी के नारे

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा नीरव मोदी की साझेदारी वाली कंपनी रियो टिंटो को छत्तीसगढ़ में न्योता दिए जाने का मामला सोमवार को और भी गरमा गया।
2 min read
• •
Updated: 19 Feb 2018, 12:56 PM IST
CG Vidhan Sabha 2018

रायपुर . पत्रिका में प्रकाशित नीरव मोदी की साझेदारी वाली कंपनी रियो टिंटो को छत्तीसगढ़ में न्योता दिए जाने के मामले को लेकर राज्य विधानसभा में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ और नारे लगे। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने यह स्थगन प्रस्ताव लाया था। प्रश्नकाल के बाद जहां विपक्ष इस मामले में चर्चा को लेकर अड़ा रहा वहीं विधानसभा अध्यक्ष का कहना था कि विपक्ष ने काल्पनिक विषय को स्थगन का विषय बनाया है।

उनका कहना था कि कोई किसी से जाकर मिल जाए तो अपराधी नहीं हो जाता, इस मामले में चर्चा नहीं होगी। इस पर सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ को लूटने का प्रयास बंद होना चाहिए सत्यनारायण शर्मा ने कहा- आगे मोदी पीछे मोदी.... कितने मोदी तो भूपेश ने कहा कि ये नीरव मोदी की कंपनी है। मोदी के दो आगे मोदी।

अध्यक्ष बोलते रहे लेकिन कांग्रेस के सदस्यों ने नारेबाजी जारी रखी, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कारवाई को पांच मिनट के लिए स्थगित कर दिया। गौरतलब है कि पत्रिका ने ही सर्वप्रथम इस खबर का खुलासा किया था। स्थगन प्रस्ताव के साथ विपक्षी कांग्रेस ने पत्रिका की कटिंग भी लगाईं है माना जा रहा है कि प्रश्नकाल के बाद इस पर जमकर हंगामा होगा।

क्या था मामला
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जिस आस्ट्रेलियाई कंपनी रियो टिंटो को राज्य में खनन के लिए आमंत्रित किया गया है उसकी पंजाब नेशनल बैंक में 13 हजार करोड़ रुपए के घोटाले के आरोपी नीरव मोदी की कम्पनी से पार्टनरशिप है। यह पार्टनरशिप रियो टिंटो और नीरव की कंपनी फायरस्टोन डायमंड के बीच 2010 में हुई थी जिसके अंतर्गत फायरस्टोन को रियो की आस्ट्रेलियाई खदान अर्गले के हीरों की बिकवाली के अधिकार दिए गए थे। नीरव मोदी अपने हीरो के कारोबार में रफ डायमंड भी रियो टिंटो से लेता रहा है। रियो टिंटो दुनिया में तीसरी बड़ी हीरा उत्पादक कंपनी है।

महत्वपूर्ण है कि छत्तीसगढ़ सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने पिछले माह अपने आस्ट्रेलियाई दौरे के दौरान रियो टिंटो को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया था। नार्वे सरकार द्वारा ब्लैकलिस्टेड यह आस्ट्रेलियाई कंपनी 2016 में मध्यप्रदेश की बन्दर छतरपुर परियोजना को बीच में ही छोड़कर चली गई थी। बताया जाता है कि अगर मध्य प्रदेश की उस खदान पर काम खत्म हो गया होता तो छतरपुर दुनिया के 10 प्रमुख हीरा उत्पादक खदानों में से एक होता।

Updated on:
19 Feb 2018, 12:56 PM IST
Published on: