
दिनेश यदु@ रायपुर. पुलिस परिवार सोशल मीडिया में एक बार फिर से आंदोलन की तैयारी कर रहे है। इस बार सोशल मीडिया में चुनाव बहिष्कार व सरकार बदलने की बात भी हो रही है। नए -नए नारे व कार्टून के जरिए आंदोलन का समर्थन का निवेदन भी कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार २५ जुलाई को पुलिसकर्मियो के परिवार शहर में एकत्रित होने की फिराक में है। रायपुर चलो...रायपुर चलो ...अबकी बार आर या पार ऐसे नारे के जरिए पुलिस परिवार सोशल मीडिया में डाल रहे है । इस बार बड़ी संख्या में बिलासपुर,रायगढ़, जगदलपुर ,दुर्ग ,भिलाई के साथ -साथ प्रदेश के सभी जिलों से पुलिस परिवार राजधानी आने की तैयारी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि पुलिसकर्मियों के परिवार 11 सूत्रीय मांगों को लेकर विगत २५ जून को प्रदर्शन कर चुके है । इस प्रदर्शन के दौरान प्रदेश के पुलिसकर्मियो के परिवारों ने राजधानी के हिन्द स्र्पोटिंग मैदान में बड़ी संख्या में पहुंचने की कोशिश की थी। जिस पर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने पुलिस परिवार को बड़ी संख्या में हिरासत में ले लिया था। पुलिस आंदोलन में सक्रिय आरक्षक राकेश यादव को गिरफ्तार भी किया गया।
पुलिस परिवारों की मांगो पर सरकार द्वारा कोई सहमति नही मिलने पर एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए पुलिस परिवार २५ जुलाई को आंदोलन करने राजधानी में जुटने की तैयारी कर रहे हैं। जिसके लिए सोशल मीडिया के जरिए लॉबिंग की जा रही है।