रायपुर

CM साय से करनी है बात? अब बस 1076 डायल कीजिए! आज से एक कॉल में दर्ज होगी आपकी शिकायत

Chhattisgarh CM Helpline 1076: छत्तीसगढ़ में आज से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत हो रही है। अब नागरिक एक कॉल, मोबाइल ऐप, वेब पोर्टल या WhatsApp चैटबॉट के जरिए अपनी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंचा सकेंगे।

2 min read
Jun 09, 2026
Chhattisgarh CM Helpline
Chhattisgarh CM Helpline(photo-patrika)

Chhattisgarh CM Helpline: छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रालय स्थित महानदी भवन में कैबिनेट बैठक के बाद इस सेवा का शुभारंभ करेंगे। हेल्पलाइन के माध्यम से लोग अपनी शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंचा सकेंगे। सफाई, पेंशन, एफआईआर, रिश्वतखोरी और अन्य जनहित से जुड़े मामलों की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। कॉल के अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और WhatsApp चैटबॉट की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगी।

Chhattisgarh CM Helpline: सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंचेगी शिकायत

सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्रदेश के नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंचा सकेंगे। इससे आम लोगों को अपनी बात रखने और समस्याओं के समाधान के लिए एक केंद्रीकृत मंच मिलेगा।

इन मामलों में दर्ज करा सकेंगे शिकायत

हेल्पलाइन के जरिए सफाई व्यवस्था में लापरवाही, पेंशन संबंधी समस्याएं, पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं करने, सरकारी कर्मचारियों द्वारा रिश्वत मांगने, बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार सहित अन्य जनहित से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी। शिकायतों के निवारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।

कॉल, पोर्टल, ऐप और WhatsApp से मिलेगी सुविधा

सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि कोई भी नागरिक इस सेवा से वंचित न रहे। शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 1076 के अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और WhatsApp चैटबॉट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इससे लोग अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकेंगे।

ऑनलाइन देख सकेंगे शिकायत का स्टेटस

शिकायत दर्ज होने के बाद नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर उसकी स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे शिकायतों की निगरानी और पारदर्शिता बढ़ेगी तथा लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

सिर्फ निपटारा नहीं, संतोषजनक समाधान पर जोर

राज्य सरकार का कहना है कि हेल्पलाइन का उद्देश्य केवल शिकायतों का औपचारिक निपटारा करना नहीं है, बल्कि निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। यह पहल सुशासन और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Updated on:
09 Jun 2026 11:58 am
Published on:
09 Jun 2026 11:51 am