रायपुर

CG Politics: CM साय का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- 55 साल तक जनजातियों को वोट बैंक समझा

Janjatiya Gaurav Diwas 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए जनजातीय समाज वोट बैंक नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है और विकसित भारत 2047 के निर्माण में इसकी अहम भूमिका होगी।
3 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 9:58 AM IST
CG Politics
CG Politics: CM साय का कांग्रेस पर बड़ा हमला(photo-patrika)

CG Politics: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लिए जनजातीय समाज वोट बैंक नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ विकसित भारत 2047 का मजबूत आधार बन रहा है।

वहीं, कांग्रेस ने 55 साल तक जनजातियों को केवल वोट बैंक समझकर सत्ता का लाभ उठाया। मुख्यमंत्री साय ने ये बातें भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं। वे धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 18 नवंबर तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव सप्ताह की जानकारी दे रहे थे।

Vishnu Deo Sai Statement: कांग्रेस ने जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक समझा: CM साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद जनजातीय समाज के लिए अलग मंत्रालय बनाया गया और उनके विकास के लिए बजट का भी प्रावधान किया गया। इसके विपरीत कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में जनजातीय समाज को उसका उचित सम्मान और अधिकार नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा जनजातीय समाज को भ्रमित करने का प्रयास किया है। अब सत्ता से बाहर होने के बाद सत्ता में वापसी के लिए जनजातियों और देश के लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

15 नवंबर को जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि देने की अपील

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर अपने गांव, मंडल और जिले में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस दिन क्षेत्र के स्थानीय जनजातीय नायकों को भी याद किया जाना चाहिए। प्रदेश में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

32 जिलों में होंगे जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश के जिला मुख्यालयों में 16 से 18 नवंबर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन ने इसके लिए 32 जिलों के मुख्य अतिथियों की सूची जारी की है। जारी सूची के अनुसार, बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, रायपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कोरबा में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और बालोद में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे।

इसी तरह कोरिया में मंत्री रामविचार नेताम, दंतेवाड़ा में केदार कश्यप, गरियाबंद में दयालदास बघेल, मुंगेली में लखन लाल देवांगन, राजनांदगांव में श्याम बिहारी जायसवाल और धमतरी में टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जशपुर में ओपी चौधरी, बलरामपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में गजेन्द्र यादव, सक्ती में गुरु खुशवंत साहेब और नारायणपुर में राजेश अग्रवाल को मुख्य अतिथि बनाया गया है। इसके अलावा अलग-अलग जिलों में सांसदों और विधायकों को भी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है।

कांग्रेस पर 12 बिंदुओं में लगाए आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री साय ने विपक्ष पर जनजातीय समाज को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए 12 बिंदुओं के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल तक शासन करने के बावजूद न तो जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया और न ही जनजातीय समाज के लिए अलग मंत्रालय बनाया।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू और गोविंद गुरु जैसे जनजातीय नायकों को इतिहास में उचित स्थान नहीं दिया गया। उन्होंने वर्ष 2022 में राष्ट्रपति चुनाव का भी जिक्र किया और कहा कि पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ विपक्ष ने प्रत्याशी उतारा तथा उनके लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।

नक्सलवाद और विकास योजनाओं को लेकर भी कांग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी शासन के दौरान नक्सलवाद के कारण जनजातीय क्षेत्रों में स्कूल, सड़क और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास प्रभावित हुआ। साय ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 31 मार्च 2026 को जनजातीय जिलों को पूरी तरह नक्सल मुक्त बनाया गया।

उन्होंने आवास और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी सरकारों ने इनके क्रियान्वयन में देरी कर जनजातीय परिवारों को नुकसान पहुंचाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार काम कर रही हैं। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

Updated on:
13 Nov 2026, 9:58 AM IST
Published on: