
रायपुर. ‘डे’ चक्रवात का असर राजधानी में शुक्रवार को भी रहा। इस वजह से शुक्रवार को सुबह से ही शहर में कभी तेज बारिश तो कभी रिमझिम बारिश होती रही। वहीं, शहर में सुबह से दिनभर बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान होते रहे। मौसम विभाग ने दिनभर में 25 मिमी बारिश दर्ज की। दिनभर होती बारिश से शहर के निचले इलाकों में फिर से पानी भरा रहा। लोग अपने घरों का पानी निकालने में दिनभर जुटे रहे। वहीं, प्रदेश में बहुत अधिक मात्रा में नम हवा आने से राजधानी में दिनभर ठंड का अहसास हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में डे चक्रवात कमजोर होकर छत्तीसढ़ से होते हुए शाम को विदर्भ की ओर चला गया है। इस कारण से अब भारी बारिश के आसार नहीं है। बल्कि प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है। राजधानी में सामान्यत: बादल छाए रहेंगे। एक-दो बार वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है।
दिनभर हुई बारिश से कई इलाकों में पानी भरने की शिकायतें आती रही। अगस्त में हुई बारिश से भी शहर की पॉश कॉलोनियों से प्रमुख मार्गों तक पानी भरने से जन-जीवन प्रभावित हुआ था। इस दौरान निगम ने जाम नाले-नालियों की सफाई कराई थी। लेकिन १५ दिन बाद फिर से यही स्थिति कुछ जगहों पर निर्मित हो गई थी। इससे निगम की नाले-नालियों की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई।
अमित शाह की सुरक्षा में तैनात ट्रैफिक जवान के ऊपर वीआईपी रोड में एकपेड़ गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार जवान अमित शाह के दौरे के मद्देनजर माना स्थित पीटीएस चौक के पास यातायत व्यवस्थित करने के लिए तैनात था। इसी दौरान तेज हवा चलने से एक पेड़ उनके ऊपर आकर गिर गया।
घटना स्थल के पास मौजूद राहगीरों की सूचना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जवान को पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां अस्पताल में डॉक्टरों ने जवान को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक यातायत जवान का नाम आकाश गोसाई है, जो कायाबांधा थाने में कार्यरत था। मृतक जवान डोंगरगांव का रहने वाला था। शुक्रवार की सुबह उनकी डयूटी माना पीटीएस चौक में लगाई गई थी। ड्यूटी के दौरान जब वो वीआईपी रोड से गुजर रहा था।
उसी दौरान तेज हवा और बारिश के बीच एक पेड़ उनके सिर पर गिरा। इस हादसे में जवान बुरी तरह घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान के सिर पर गंभीर चोटें आई थी। जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।