रायपुर

युकां नेता पर जानलेवा हमला, अब तक भाजपा कार्यकर्ता की नहीं हुई गिरफ्तारी, प्रचार के दौरान हुई थी मारपीट

Raipur Crime News: डीडी नगर इलाके में युवा कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

less than 1 minute read
Nov 21, 2023
Deadly attack on YUK leader, BJP worker not arrested Raipur
युकां नेता पर जानलेवा हमला

रायपुर। CG Crime News: डीडी नगर इलाके में युवा कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। घटना 17 नवंबर की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है, लेकिन गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है।

उल्लेखनीय है कि युवा कांग्रेस नेता विनोद कश्यप उर्फ भक्कू और उसके दोस्त रात करीब 12.30 बजे डिपरापारा में प्रचार कर रहे थे। इस दौरान पंकजधर दीवान की कार को भाजपा कार्यकर्ता और पार्षद राजेश ठाकुर, शुभांकर द्विवेदी, कंवर ढिल्लन, अनिल सोनकर, प्रकाश यादव, अमित शुक्ला व अन्य करीब 50 लोगों ने रोक लिया। इसी बात को लेकर विनोद और उसके साथियों का भाजपा पार्षद राजेश और अन्य लोगों के बीच विवाद हो गया।

आरोपियों ने विनोद और उसके साथियों पर हमला कर दिया। इससे विनोद को गंभीर चोटें आईं। बाद में विनोद की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा पार्षद राजेश, शुभांकर, कंवर, अनिल, प्रकाश, अमित सहित अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। घटना के चार दिन बाद भी आरोपियों के खिलाफ आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

कई मामले हैं दर्ज

भाजपा कार्यकर्ता शुभांकर के खिलाफ कई अपराध दर्ज हैं। आमानाका, सरस्वती नगर थाना आदि में अपराध दर्ज हैं, लेकिन उसकी अब तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। दो बार पुलिस उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी, लेकिन उसके साथियों ने उसे छुड़ा लिया था। पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा था।

Published on:
21 Nov 2023 10:18 am