रायपुर

छत्तीसगढ़ में 17 बार लेट आया मानसून, फिर भी बरसे बादल, क्या दोहराएगा इतिहास? जानें आज का मौसम

Chhattisgarh Monsoon Delay: छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून की एंट्री में देरी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की सामान्य तारीख 15 जून मानी जाती है, लेकिन अभी तक इसकी पूरी तरह से दस्तक नहीं हुई है।

2 min read
Jun 18, 2026
Monsoon in Chhattisgarh latest news
मानसून लेट फिर भी बारिश के संकेत (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर@पीलूराम साहू। Chhattisgarh Monsoon Update: प्रदेश में मानसून आने में पहली बार देरी नहीं हो रही है, बल्कि 2018 में तो 26 व 2008 में 27 जून को आया था। तब मानसूनी सीजन में क्रमश: 1004 व 890 मिमी बारिश हुई थी। इसके बावजूद यह सीजन की अच्छी खासी बारिश थी। प्रदेश में मानसून आने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने इसके लिए समय-सीमा तो नहीं बताया है, लेकिन जल्द मानसूनी बारिश से प्रदेश सराबोर होगा।

पिछले 21 सालों का मानसून का ट्रेंड देखने से पता चलता है कि 17 बार प्रदेश में देरी से दस्तक दी है। केरल में 3 जून को मानसून आया। इस साल प्रदेश में मानसून आने की सामान्य तारीख 15 जून थी। अभी तक नहीं आया है। मानसून देरी से आएगी, जिसका मतलब ये भी नहीं है कि बारिश कम होगी।

हालांकि इस बार सामान्य से कम बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। फिर भी 90 फीसदी बारिश होने की संभावना है। पिछले साल समय से पहले यानी 28 मई को मानसून दंतेवाड़ा पहुंच गया था। इस पर विवाद भी रहा। दरअसल दंतेवाड़ा में तब एक बूंद पानी नहीं गिरा। जबकि मानसून आना मतलब पानी गिरना भी अनिवार्य शर्तों में शामिल है। मौसम विभाग 1 जून से 30 सितंबर तक हुई बारिश को मानसूनी मानता है।

2008 व 2009 में हुई थी सबसे कम बारिश

प्रदेश में 2008 व 2009 में सबसे कम बारिश हुई थी। 2008 में 12 जून को मानसून ने दस्तक दी थी और सीजन में 892 मिमी पानी गिरा था। 2009 में 27 जून को मानसून आया और 890 मिमी पानी गिरा था। 2017 में 842.9 मिमी वर्षा हुई। तब मानसून 21 जून को पहुंचा। आंकड़ों काे देखने से लगता है कि मानूसन आने में अक्सर देरी होती रही है। इसका बारिश के कुल आंकड़ों पर कभी-कभार ही फर्क पड़ा है। प्रदेश में हर साल औसतन 1100 मिमी बारिश होती है।

Monsoon: 21 सालों में मानसून व बारिश

वर्ष तारीख कुल बारिश
2025 28 मई 1167.0
2024 07 जून 1231.7
2023 21 जून 1050.3
2022 18 जून 1071.5
2021 11 जून 1107.7
2020 12 जून 1101.0
2019 22 जून 1095.0
2018 26 जून 1005.0
2017 21 जून 842.9
2016 17 जून 1112.1
2015 14 जून 959.6
2014 19 जून 1129.9
2013 09 जून 1229.0
2012 18 जून 1230.7
2011 17 जून 1212.2
2010 17 जून 1060.6
2009 27 जून 890.0
2008 12 जून 892.8
2007 24 जून 1014.5
2006 24 जून 960.9
(वर्षा मिमी में, मौसम विभाग के अनुसार)

राजधानी में रात में चली अंधड़, बूंदाबांदी भी हुई

राजधानी में बुधवार की रात तेज हवा चली। इस दौरान बूंदाबांदी भी हुई। बादलों की गर्जना के साथ बिजली भी चमकी। दिन में हल्के बादल छाए थे। इसलिए अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से साढ़े 3 डिग्री ज्यादा रहा।

पिछले 24 घंटे में दुर्ग समेत कई इलाकों में तेज से हल्की बारिश हुई। दुर्ग में 3, जशपुर में 2, मनेंद्रगढ़, मनोरा, केल्हारी व वाड्रफनगर में एक-एक सेमी पानी बरस गया। 18 जून को रायपुर का अधिकतम तापमान 38 व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने की संभावना है। अंधड़ के साथ पानी गिरने के भी आसार हैं।

Published on:
18 Jun 2026 07:04 am