रायपुर

Deepak Baij FIR Demand: रायपुर में सियासी घमासान: भाजपा मंत्रियों और विधायकों पर FIR की मांग

Chhattisgarh Congress protest: राजीव भवन घेराव मामले को लेकर अब कांग्रेस नेता धरने पर बैठ गए हैं। बीती रात पीसीसी चीफ दीपक बैज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री और विधायकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने थाने पहुंचे..
2 min read
Jul 24, 2026
chhattisgarh congress protest
खम्हारडीह थाने में लिखित में शिकायत सौंपते हुए कांग्रेसी ( Photo - Patrika )

Chhattisgarh News: नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को हुए घटनाक्रम के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारवार्ता लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। साथ ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर हुई एफआईआर को लेकर पुलिस पर तीखा हमला बोला। बैज देर शाम अपने समर्थकों के साथ खम्हारडीह थाना पहुंचे और यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री ओपी चौधरी, विधायक राजेश मूणत, विधायक पुरंदर मिश्रा, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

Chhattisgarh Congress Protest: मंत्रियों को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए

बैज ने पत्रकारवार्ता में कहा कि आपत्तिजनक है कि कांग्रेस कार्यालय पर किए गए हमले में भाजपा सरकार के सभी मंत्री शामिल थे। मंत्री गण जिनके ऊपर राज्य के लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाने की जवाबदारी है। वे सारे मंत्री विपक्षी दल के दफ्तर पर हमला करने आए थे। मंत्रियों ने संविधान की शपथ और सम्यक भाव से अपने कर्तव्य के निर्वहन की जो शपथ ली है, यह उसका उल्लंघन है। इन मंत्रियों का चरित्र अलोकतांत्रिक है, इन मंत्रियों को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।

भूपेश ने दी हद में रहने की चेतावनी

इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर कड़ी टिप्पणी की है। उन्होंने भाजपा वालों को हद में रहने की चेतावनी दी है। उन्होंने लिखा है कि घेराव के नाम पर भाजपा के लोगों ने रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय पर हमला किया। इसमें भाजपा के सारे मंत्री भी लोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं को ताक में रखकर शामिल हुए। आदतन उपद्रवी इन तत्वों ने कांग्रेस मुख्यालय और हमारे कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेकें। पुलिस ने पानी की बौछारें छोड़ीं।

पुलिस ने हमारे लोगों पर ही की है एफआईआर

सारा हमला भाजपा और पुलिस की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर किया गया और पुलिस ने एफआईआर भी हमारे ही लोगों पर दर्ज कर ली। उन्होंने आगे लिखा है कि यह पुलिस के संरक्षण में भाजपा सरकार द्वारा किया गया सुनियोजित हमला था। ठीक उसी तरह, जिस तरह दिल्ली में छात्रों के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा से तो हम निपट लेंगे, लेकिन छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारी ध्यान रखें, भाजपा कुछ ही महीनों की मेहमान है, फिर मिलेंगे।

Updated on:
24 Jul 2026 01:16 pm
Published on:
24 Jul 2026 09:57 am