
रायपुर. छत्तीसगढ़ में डेंगू का कहर भिलाई-दुर्ग के साथ अब राजधानी रायपुर में भी अपना असर दिखा रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से रोजाना पॉजिटिव के साथ संभावित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। आज दो और संभावित मरीज पाए गए हैं, जिनमें पुलिस लाइन से 12 वर्षीय बालिका और खमतराई से 14 वर्षीय बालक शामिल है।
अब तक जिले से 18 मरीजों की रिपोर्ट एलाइजा जांच में धनात्मक पाई गई है, साथ ही 31 मरीजों की जांच रिपोर्ट आरडी (रैपिड डायग्नोस्टिक किट) में पॉजिटिव पाई गई है। जिन्हें स्वास्थ्य विभाग संभावित मान रहा है।अधिकारियों का कहना है कि केंद्र से जारी निर्देशानुसार एलाइजा जांच के बाद ही अंतिम रूप से मरीज को प्रभावित माना जाएगा।
डेंगू की जांच के लिए किए गए कार्य
कुल जांचे गए मरीज- 412
घर भ्रमण- 1404
शिविरों में संभावित मरीज- 0
यहां लगे शिविर
1 जगन्नाथ नगर
2 मठपुरैना
3 बीएसयूपी कॉलोनी, सरोना
4 लाभांडी
5 गोपाल नगर
6 बीरगांव
7 भनपुरी
8 मोवा
अभी तक बीस से अधिक लोगों की जान ले चुका डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसके नियंत्रण के लिए कारगर उपाय की तलाश करने एक बार फिर 49 डेंगू पीडि़तों का ब्लड सैंपल जांच के लिए राष्ट्रीय जनजाति स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान जबलपुर भेजा गया है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज के वार्ड क्रमांक-5 में रहने वाली 40 वर्षीय मीरा यादव पति दिलीप यादव को 10 दिन पूर्व बुखार आने पर परिजनों ने स्थानीय डॉक्टरों से उपचार कराया। तबीयत ठीक नहीं होने पर परिजन मीरा को झारखंड के डालटेनगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां पर डेंगू की पुष्टि होने पर डॉक्टरों ने उसे रांची भेज दिया। यहां उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। वहीं, रामानुजगंज के एक्सिस बैंक के मैनेजर रत्नेश पांडेय का एक वर्षीय बेटा भी डेंगू से पीडि़त है। उसका इलाज रांची में जारी है।