रायपुर

‘बाप तो आखिर बाप होता है…’ देवेंद्र यादव पर पूर्व CM के OSD का पोस्ट, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

BJP Congress Controversy: AICC सचिव पद से देवेंद्र यादव को हटाए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में सियासी विवाद शुरू हो गया है। भूपेश बघेल के पूर्व OSD मनीष बंछोर के पोस्ट पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं।
3 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 3:55 PM IST
AICC Secretary
AICC सचिवों की नियुक्ति पर छत्तीसगढ़ में विवाद (Photo Source- Patrika File Photo)

AICC Secretary: छत्तीसगढ़ की राजनीति में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में हुए फेरबदल के बाद नई बहस छिड़ गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठन में बदलाव करते हुए भिलाई नगर से विधायक देवेंद्र यादव को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है। उनके साथ विजय जांगिड़ समेत कुल 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को भी उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से हटा दिया गया है। इस फैसले के बाद छत्तीसगढ़ में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

विवाद को और हवा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी मनीष बंछोर के सोशल मीडिया पोस्ट ने दी है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘बाप तो आखिर बाप होता है। जिस डाल पर बैठे हो, उसी को काटोगे तो गिरना तय है। इति सिद्धम।’ इस पोस्ट को विधायक देवेंद्र यादव की ओर इशारे के रूप में देखा जा रहा है। इसके बाद भाजपा ने कांग्रेस की गुटबाजी पर निशाना साधा, जबकि कांग्रेस ने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताया है।

Devendra Yadav controversy: मनीष बंछोर के पोस्ट से शुरू हुई सियासी चर्चा

AICC में बदलाव के बाद मनीष बंछोर का सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना लिखा कि जिस डाल पर बैठे हो, उसी को काटोगे तो गिरना तय है। पोस्ट में इस्तेमाल किए गए शब्दों को विधायक देवेंद्र यादव से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के बीच राजनीतिक दूरी की चर्चाएं पहले भी सामने आती रही हैं।

ऐसे में AICC की जिम्मेदारी से देवेंद्र यादव को मुक्त किए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी रहे मनीष बंछोर की टिप्पणी ने इन चर्चाओं को फिर तेज कर दिया है। हालांकि पोस्ट में सीधे तौर पर देवेंद्र यादव का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे उनके संदर्भ में देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी इस टिप्पणी को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

AICC सचिवों की छुट्टी पर छत्तीसगढ़ में सियासी बवाल

संतोष पांडेय बोले- यादव का डाउनफॉल

भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में हुए फेरबदल को पार्टी की गुटबाजी से जोड़ते हुए निशाना साधा है। उन्होंने देवेंद्र यादव समेत कई नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी से हटाए जाने पर शायराना अंदाज में टिप्पणी की। संतोष पांडेय ने कहा कि कांग्रेस द्वेष, कलह और गुटबाजी में उलझी हुई है। उन्होंने अपने बयान में भूपेश बघेल और ताम्रध्वज साहू का जिक्र करते हुए देवेंद्र यादव पर तंज कसा। उनकी टिप्पणी में ‘भूपेश, ताम्रध्वज एक ही डाल पर, यादव हुए डाउनफॉल पर’ जैसे शब्द भी शामिल रहे। सांसद ने अपने बयान में कांग्रेस के अंदर चल रही खींचतान को लेकर कई तंज कसे। उन्होंने पार्टी के नेताओं के बीच आपसी खींचतान को संगठनात्मक बदलाव से जोड़ते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।

कांग्रेस ने कहा- नियुक्तियां हमारा इंटरनल मामला

भाजपा सांसद संतोष पांडेय के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की नियुक्ति पार्टी का अपना आंतरिक मामला है। भाजपा नेताओं को कांग्रेस के संगठनात्मक फैसलों पर टिप्पणी करने के बजाय अपनी सरकार के कामकाज पर ध्यान देना चाहिए। सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद के पास अपनी सरकार के मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वे कांग्रेस की नियुक्तियों पर शायरी और पहेलियां बना रहे हैं। उन्होंने धान खरीदी के दौरान किसानों को हो रही परेशानी, पटवारियों की जारी हड़ताल और डीएड अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज जैसे मुद्दों का उल्लेख किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा को इन सवालों पर जवाब देना चाहिए, लेकिन वह कांग्रेस के आंतरिक मामलों पर बयानबाजी कर रही है।

Political News: AICC के फेरबदल के बाद छत्तीसगढ़ में बढ़ी राजनीतिक हलचल

AICC की ओर से सचिवों और संयुक्त सचिवों की जिम्मेदारियों में किए गए बदलाव के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। देवेंद्र यादव भिलाई नगर से विधायक हैं और राष्ट्रीय संगठन में सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें इस पद से मुक्त किए जाने के बाद प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।

इस पूरे घटनाक्रम में एक तरफ मनीष बंछोर का सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है, तो दूसरी तरफ भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा इसे कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान से जोड़ रही है, जबकि कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय संगठन में नियुक्ति और जिम्मेदारी बदलना पार्टी का आंतरिक विषय है। फिलहाल AICC के संगठनात्मक फेरबदल के बाद छत्तीसगढ़ में राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है।

Updated on:
20 Nov 2026, 3:55 PM IST
Published on: