
रायपुर . मंत्री की कथित सेक्स सीडीकांड में विवेचना पूरी करने के बाद सीबीआइ ने सोमवार को अदालत में आरोपपत्र पेश किया। लेकिन, इसे देखते ही विशेष न्यायाधीश सुमीत कपूर ने सीबीआइ के अफसरों को फटकार लगाई। उन्होंने अधूरा आरोपपत्र को लौटा दिया। साथ ही तुरंत इसे सुधारकर पेश करने की हिदायत दी।
मामले की राजनीतिक गंभीरता को भांपकर भाजपा भी सक्रिय हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने भूपेश बघेल को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की मांग उठा दी। उनका कहना था, कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। इधर एकात्म परिसर में संवाददाताओं से बात करते हुए पार्टी प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने और संजय श्रीवास्तव ने कहा, कांग्रेस आदतन अपराधियों की पार्टी हो गई है।
उनका कहना था, भूपेश बघेल को यह पता है कि वे अब बच नहीं सकते तो अनेक तरह की नौटंकी कर वे कानून-व्यवस्था का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस ने खुद इस मामले में सीबीआइ जांच की मांग की थी, आज जमानत की मांग न करके उन्होंने यह साबित कर दिया कि वे इस मुददे का चुनावी लाभ लेना चाहते हैं। संजय श्रीवास्तव ने कहा, छत्तीसगढ़ के लोग अपराधी मानसिकता के लोगों को सहन नहीं करते। पहले भी ऐसे लोगों को जनता ने बाहर का रास्ता दिखाया है। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया, प्रदेश में कांग्रेस जब भी सत्ता में रही है, ऐसे अपराधों को प्रश्रय देकर प्रदेश का माहौल खराब करती रही है।
जोगी ने बताया नौटंकी
मरवाही विधायक अमित जोगी ने भूपेश बघेल के स्टैंड को नौटंकी बताया। जोगी ने कहा, कांग्रेस अध्यक्ष धुर नौटंकीबाज हैं। जनता देख रही है कि इंडियन नेशनल कांग्रेस कैसे इंडियन नौटंकी कंपनी बनकर रह गई है। फर्जी सीडी बनाने वाले, जेल जाने पर सत्याग्रह की बात करके बापू के दिए शब्द को कलंकित कर रहे हैं।
आप बोली, भाजपा के संभावित हार की घबराहट : आप ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की गिरफतारी की निंदा की है। पार्टी के प्रदेश संयोजक डॉ. संकेत ठाकुर ने कहा, भाजपा ने प्रदेश की जनता का विश्वास खो दिया है। वह किसी भी तरह पुन: सत्ता में वापस आना चाहती है। इसके लिए वह पुलिस और प्रशासन का बेजा इस्तेमाल कर प्रदेश में भय और आतंक का माहौल बनाना चाहती है।