CG Thagi News: एक डॉक्टर व कारोबारी ऑनलाइन ठगी के शिकार हो गए। इसकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
CG Thagi News: रायपुर के पंडरी इलाके में रहने वाले एक डॉक्टर ऑनलाइन ठगी के शिकार हो गए। इसकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर सिद्धार्थ नंदा सयाजी होटल में खाना खाने के लिए ऑनलाइन टेबल बुक करा रहे थे। इस दौरान गूगल में होटल का नंबर सर्च किया। इसके बाद उसमें कॉल करके टेबल की बुकिंग करने कहा। इस दौरान उनसे 1 हजार रिजर्वेशन अमांउट बताया गया। उन्होंने अपने अमेरिकन एक्सप्रेस क्रेडिट कार्ड से भुगतान के लिए कार्ड का नंबर बताया। इस दौरान 6-7 ओटीपी आया।
उन्हें ऑनलाइन ठगी होने का शक हुआ, तो उन्होंने तत्काल अपना कार्ड ब्लॉक कराया। इसके बावजूद उनके क्रेडिट कार्ड से 83 हजार 454 रुपए कट गए। इसकी शिकायत पर पंडरी पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना में लिया है।
साइबर ठगों ने सेना का जवान बनकर एक कारोबारी को ठग लिया। आरोपियों ने 4 लाख से अधिक रुपए ठग लिए। इसकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, सैय्यद मोहम्मद रजा झारखंड के रहने वाले हैं। मोवा में सैफ सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम से कारोबार करते हैं। उनके पास 31 जनवरी की शाम को कुणाल चौधरी नाम के व्यक्ति का कॉल आया। उसने खुद को इंडियन आर्मी एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में पदस्थ होना बताया। इसके बाद उसने इलेक्ट्रिक ग्राइंडर खरीदने के लिए कोटेशन मांगा। रजा ने उसी रात उसे वाट्सऐप पर कोटेशन भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे पर्चेस आर्डर भेजा। इसके बाद कारोबारी ने 10 फरवरी तक डिलीवरी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद आरोपी ने कहा कि वेंडर रजिस्ट्रेशन और गेटपास के लिए अपनी गाड़ी की फोटो, गाड़ी का नंबर और अपना आधार कार्ड भेज दो। उसने भेज दिया।
फिर कहा गया कि वेंडर रजिस्ट्रेशन और गेटपास के लिए पैसा जमा करना पड़ेगा। इसके बाद अलग-अलग बहाने से आरोपी ने कारोबारी से कुल 4 लाख 97 हजार 232 रुपए जमा करवाए। कारोबारी को ठगी का अहसास होने पर उसने मोवा थाने में शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना में लिया है।