
रायपुर . राजधानी रायपुर में आवारा कुत्तों के आतंक से यहां के लोग दहशत में हैं। बतादें कि मोतीनगर इलाके के ब्रिज नगर में रहने वाली 7 साल की खुशी साहू को एक साल पहले आवारा कुत्तों ने अपना शिकार बनाया था। कुत्ते ने उसके दाएं गाल का आधे से ज्यादा मांस काट लिया था। जिससे उसका जबड़ा दिखने लगा था। कुत्ते के काटने का बाहरी जख्म तो धीरे-धीरे भर गया लेकिन अभी भी अंदर से घाव के कारण गड्ढा भर नहीं पाया है।
बता दें कि एक साल बीतने के बाद भी माता पिता की आंखों में दर्द बरकरार है। दोनों अब भी अपनी इकलौती बेटी की सर्जरी कराने के लिए एक-एक रुपए जोड़ रहे हैं। घटना के बाद राजधानी के दर्जनों राजनेताओं ने बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन घटना को एक साल बीतने के बाद भी कोई मदद नहीं मिल पाई है। मां मितानिन और पिता ड्राइवर का काम करते हैं।
परिजनों ने बताया कि बीते एक साल में बच्ची के इलाज पर 50 हजार रुपए खर्च हो चुके हैं। इसमें से आधा से अधिक राशि कर्ज के माध्यम से ली गई है। बच्ची की मां ने बताया कि निजी नर्सिंग होम में प्लास्टिक सर्जरी के लिए दिखाया था तो डॉक्टर ने 1 लाख 40 हजार रुपए की मांग की है।
आज भी कांप उठती है बच्ची
खुशी के साथ जब से कुत्तों के काटने की घटना घटी तब से वह रात में उठ कर रोने लगी है। डाक्टरों का कहना है कि उसके मन से अभी घटना का डर गया नहीं है। अब भी वह घर से कहीं भी अकेली नहीं निकल पाती है।
मुआवजा दिलाने का सिर्फ वादा
पत्रिका टीम जब बच्ची का हाल जानने के लिए पहुंची तो परिजनों ने बताया की जिस दिन घटना घटी थी तब मुहल्ले के १५ लोगों को कुत्तों ने काटा था। उसके बाद निगम के स्वास्थ्य अधिकारी विजय पांडे और महापौर प्रमोद दुबे मौके पर पहुंचे थे और मुआवजा दिलाने की बात कही थी।