मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की महात्वांकाक्षी विकास यात्रा की शुरुआत एक दिन के लिए टल गई है। यह बदलाव केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की वजह से हुआ है।
रायपुर . मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की महात्वांकाक्षी विकास यात्रा की शुरुआत एक दिन के लिए टल गई है। यह बदलाव केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का समय 11 मई को नहीं मिल पाने की वजह से हुआ है। नए कार्यक्रम के मुताबिक अब इस यात्रा की शुरुआत 12 मई को दंतेवाड़ा से होगी।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में गुरुवार को लोकनिर्माण मंत्री व प्रदेश यात्रा प्रभारी राजेश मूणत ने कहा कि विकास यात्रा 12 मई से शुरू होकर एक माह तक निर्धारित क्षेत्रों से गुजरेगी। यात्रा का शुभारंभ केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। मोर्चा-प्रकोष्ठ प्रभारी वनौषधि बोर्ड के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने कहा विकास यात्रा को सफल बनाने कार्यकर्ता तनमयता के साथ अपने क्षेत्रों में जुट जाए। विकास यात्रा का पहला चरण 12 मई से प्रारंभ होगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा, विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के आधार पर लगातार जनादेश मिल रहा है। चौथी बार हमारी सरकार एक बार फिर से बन रही है। यात्रा में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अहम है।
प्रदेश महामंत्री और यात्रा रथ प्रभारी संतोष पाण्डेय ने कहा कि विकास यात्रा को लेकर जनमानस में काफी उत्साह है। विकास यात्रा के जरिये आमजन तक पहुंच कर इन 14 वर्षों में किए विकास कार्यों को बताना होगा। साथ ही केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी सभी को देनी होगी। बैठक में, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री गिरधर गुप्ता, यात्रा सह प्रभारी सुभाष राव, प्रदेश मंत्री किरण देव, विधायक नवीन मारकण्डे, व मोर्चो व प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व महामंत्री एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।