रायपुर

Republic Day 2026: कर्तव्य पथ पर गूंजा छत्तीसगढ़ के जनजातीय शौर्य का इतिहास, PM मोदी ने ताली बजाकर की सराहना

Republic Day 2026: देश की राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर “स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम्” थीम पर आधारित छत्तीसगढ़ की झांकी ने देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा…

2 min read
Jan 26, 2026
कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ के जनजातीय शौर्य की गूंज ( Photo - DPR Chhattisgarh )

Republic Day 2026: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर प्रस्तुत छत्तीसगढ़ की झांकी ने देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा। “स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम्” थीम पर आधारित यह झांकी जनजातीय वीर नायकों को समर्पित देश के पहले डिजिटल संग्रहालय की गौरवगाथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती नजर आई।

ये भी पढ़ें

Republic Day 2026: बिलासपुर में मुख्यमंत्री साय ने फहराया तिरंगा, ली परेड की सलामी…

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने तालियां बजाकर की सराहना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय मंत्रियों और विशिष्ट अतिथियों ने झांकी को उत्सुकता के साथ देखा और तालियां बजाकर सराहना की। दर्शक दीर्घा में मौजूद लाखों लोगों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ छत्तीसगढ़ की झांकी का स्वागत किया। झांकी के समक्ष छत्तीसगढ़ के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोक नृत्य ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।

झांकी में जनजातीय डिजिटल संग्रहालय की झलक

झांकी में नवा रायपुर अटल नगर में स्थापित देश के पहले जनजातीय डिजिटल संग्रहालय की झलक दिखाई गई, जहां छत्तीसगढ़ सहित देश के 14 प्रमुख जनजातीय स्वतंत्रता आंदोलनों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों के माध्यम से संरक्षित किया गया है। इस ऐतिहासिक संग्रहालय का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ राज्य गठन की रजत जयंती के अवसर पर किया था।

ऐतिहासिक भूमकाल विद्रोह को दर्शाया

झांकी के अग्र भाग में वर्ष 1910 के ऐतिहासिक भूमकाल विद्रोह के नायक वीर गुंडाधुर को दर्शाया गया। धुर्वा समाज के इस महान योद्धा ने अन्यायपूर्ण अंग्रेजी शासन के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित किया। विद्रोह के प्रतीक के रूप में आम की टहनियां और सूखी मिर्च को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। विद्रोह की तीव्रता का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि अंग्रेजों को नागपुर से सेना बुलानी पड़ी, फिर भी वे वीर गुंडाधुर को पकड़ने में असफल रहे।

झांकी के पृष्ठ भाग में छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह को घोड़े पर सवार, हाथ में तलवार लिए दर्शाया गया। उन्होंने अकाल के समय गरीबों और वंचितों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई।

पूरी झांकी जनजातीय समाज के अदम्य साहस, बलिदान और देशभक्ति की भावना को सशक्त रूप में अभिव्यक्त करती रही और गणतंत्र दिवस परेड में छत्तीसगढ़ की गौरवपूर्ण पहचान को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित किया।

Published on:
26 Jan 2026 12:29 pm
Also Read
View All
जमानत के बाद ओडिशा के मलकानगिरी में रहेंगे कवासी लखमा, बजट सत्र में शामिल होंगे या नहीं?

बस्तर का तुलसीदास… 14 साल की तपस्या से जन्मी हल्बी रामायण, राष्ट्रपति मुर्मू के सामने प्रदर्शित होगी अनूठी विरासत

मुख्यमंत्री साय ने अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की, निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

डीजीसीए द्वारा बिलासपुर एयरपोर्ट को ऑल वेदर ऑपरेशन की स्वीकृति, छत्तीसगढ़ के विकास को मिलेगी नई गति

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ‘बस्तर पंडुम-2026‘ का करेंगी शुभारंभ, राज्यपाल और मुख्यमंत्री सहित मंत्रीमण्डल के सदस्य, सांसद भी होंगे शामिल*

अगली खबर