Electricity Bill Hike: प्रदेश के 60 लाख बिजली उपभोक्ताओं को अप्रैल में महंगी बिजली का झटका लगा सकता है। 7000 करोड़ रुपए के घाटे की भरपाई के लिए जल्द ही नई दरे जारी होंगी..
Electricity Bill Hike: दिनेश कुमार. नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत हो गई है। इसी के साथ कई चीजों में बदलाव हुआ है। नए नियम के तहत लोगों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। इधर बिजली उपभोक्ताओं को भी महंगी बिल का भी झटका लगने वाला है। प्रदेश के 60 लाख बिजली उपभोक्तओं को अगले सप्ताह से महंगी बिजली बिल का करंट लगेगा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) द्वारा पेश किए गए 7000 करोड़ रुपए के घाटे की भरपाई के लिए विद्युत नियामक आयोग अगले सप्ताह नई दरों की घोषणा कर सकता है।
सूत्रों के अनुसार, आयोग घरेलू समेत सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 20 से 25 पैसे तक की बढ़ोतरी कर सकता है। सीएसपीडीसीएल ने घाटे की भरपाई के लिए दरों में 24 प्रतिशत की भारी वृद्धि का प्रस्ताव दिया था, लेकिन जनसुनवाई और समीक्षा के बाद आयोग इसे 5 से 6 प्रतिशत तक सीमित रख सकता है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी औसत 13 पैसे की बढ़ोतरी की गई थी।
इस बार नियामक आयोग की रणनीति उच्च दाब और निम्न दाब कनेक्शनों के लिए अलग-अलग हो सकती है। औद्योगिक और उच्च दाब वाले उपभोक्ताओं पर बोझ कम रखने का प्रयास है, जबकि निम्न दाब (घरेलू और छोटे व्यवसायिक) उपभोक्ताओं के टैरिफ में थोड़ी अधिक वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।
गत वर्ष भी छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) ने नियामक आयोग को करीब 4550 करोड़ के नुकसान दिखाया था, जिसके कारण 1.80 फीसदी (औसत 13 पैसे) प्रति यूनिट बिजली दरें बढ़ाई गई थी। वहीं, जून वर्ष 2024 में भी बिजली नियामक आयोग ने 20 पैसे बिजली दर बढ़ाई थी।
विद्युत नियामक आयोग, सचिव सूर्य प्रकाश शुक्ला ने बताया कि सीएसपीडीसीएल ने 7000 रुपए करोड़ का नुकसान दिखाया है। जनसुनवाई पूरी हो चुकी है और अब हम बिजली कंपनी के प्रस्ताव व उपभोक्ताओं के हितों का विश्लेषण कर रहे हैं। टैरिफ दरों पर अगले सप्ताह तक अंतिम फैसला ले लिया जाएगा।
जन सुनवार्ई पूरी, समीक्षा के बाद विद्युत नियामक आयोग लेगा फैसला
यूनिट- वर्तमान टैरिफ दरें
0-100- 4.10 रुपए प्रति यूनिट
101-200- 4.20 रुपए प्रति यूनिट
201-400- 5.60 रुपए प्रति यूनिट
401-600- 6.60 रुपए प्रति यूनिट
601 से ज्यादा- 8.30 रुपए प्रति यूनिट
प्रदेशभर के कुल उपभोक्ता
घरेलू उपभोक्ता- 48 लाख
उच्च दाब- 4151
गैर घरेलू (कमर्शियल)- करीब 5 लाख सभी श्रेणी
कृषि पम्प उपभोक्ता- करीब 8 लाख