रायपुर

छत्तीसगढ़ के कारखानों में बदलेगी सुरक्षा व्यवस्था, सरकार ला रही नया नियम, जानिए क्या बदलेगा

Factory Safety Audit: छत्तीसगढ़ के औद्योगिक कारखानों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। इसके तहत बड़े और खतरनाक कारखानों में सुरक्षा ऑडिट अनिवार्य करने का प्रस्ताव है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 12:03 PM IST
Chhattisgarh News
कारखानों में बदलेगी सुरक्षा व्यवस्था (फोटो सोर्स- AI)

रायपुर@राहुल जैन। Chhattisgarh Factory Rules 2026: औद्योगिक कारखानों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। इसके तहत बड़े और खतरनाक औद्योगिक कारखानों में सुरक्षा व्यवस्था का नियमित ऑडिट अनिवार्य होगा। कारखानों को हर साल अपने स्तर पर सुरक्षा जांच करानी होगी, जबकि प्रत्येक दो साल में मान्यता प्राप्त बाहरी सुरक्षा ऑडिटर से भी जांच कराना जरूरी होगा। विनिर्माण प्रक्रिया में बदलाव होने पर एक महीने के भीतर बाहरी सुरक्षा ऑडिट कराना होगा।

श्रम विभाग ने छत्तीसगढ़ कारखाना (सुरक्षा संपरीक्षा) नियम, 2026 का प्रारूप तैयार किया है। यह व्यवस्था उन कारखानों पर लागू करने का प्रस्ताव है, जहां खतरनाक रसायनों का निर्माण, भंडारण और आयात होता है तथा 100 से अधिक श्रमिकों को नियोजित करने की अनुमति है। 250 से अधिक श्रमिकों वाले कारखाने भी इसके दायरे में आएंगे।

यह है उद्देश्य

इस व्यवस्था का उद्देश्य कारखानों में दुर्घटना होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले ही संभावित खतरे की पहचान करना है। सुरक्षा ऑडिट में मशीनों, उत्पादन प्रक्रिया, कच्चे माल, तैयार उत्पादों के भंडारण और श्रमिकों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की व्यवस्थित जांच होगी। ऑडिट भारतीय मानक आईएस 14489:2018 के अनुसार किया जाएगा।

खामी मिली तो 30 दिन में देनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट

प्रस्तावित नियमों के मुताबिक, बाहरी सुरक्षा ऑडिट पूरा होने के एक महीने के भीतर ऑडिटर को अपनी रिपोर्ट कारखाने के अधिभोगी को देनी होगी। इसमें सुरक्षा व्यवस्था में मिली कमियों के साथ सुधार के सुझाव भी शामिल होंगे। यदि जांच के दौरान ऐसी कोई स्थिति सामने आती है, जिससे दुर्घटना का तत्काल खतरा हो, तो ऑडिटर को इसकी सूचना तुरंत कारखाना प्रबंधन और संबंधित अधिकारी को देनी होगी। प्रबंधन को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करनी होगी। ऑडिट रिपोर्ट मिलने के 30 दिनों के भीतर कारखाना प्रबंधन को की गई कार्रवाई का विवरण मुख्य निरीक्षक-सह-सुविधाप्रदाता और क्षेत्राधिकार के संबंधित अधिकारी को भेजना होगा।

अभी सुझाव और आपत्तियां मांगी गईं

यह नियम अभी प्रारूप में है। राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से 45 दिन की अवधि पूरी होने के बाद इस पर विचार किया जाएगा। सरकार प्राप्त सुझावों पर विचार कर नियमों को अंतिम रूप देगी।

Updated on:
29 Nov 2026, 12:03 PM IST
Published on: