
रायपुर. इस साल प्रदेश के पांच जिलों में सूखे की स्थिति अभी से मंडराने लगी है। इधर, प्रदेश में सावन की झड़ी नदारद हो रही है। सावन मास शुरू हुए एक सप्ताह से अधिक हो गए हैं, लेकिन अभी तक सावन की झड़ी शुरू नहीं हुई है।
राजधानी रायपुर में तो सावन में मात्र एक ही दिन बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में सूखे की स्थिति नजर नहीं आ रही है। प्रदेश में एक जून से ४ अगस्त तक नार्मल बारिश हुई है। राजधानी में भी नार्मल ही बारिश हुई है। प्रदेश में अब तक 619.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, पर 563.2 मिमी बारिश हुई है। यानी ९ प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसी तरह रायपुर जिले में भी अब तक ५७५.८ मिमी बारिश होनी चाहिए थी, पर अब तक 510.3 मिमी बारिश हुई है। यानी 11 प्रतिशत कम बारिश हुई है। जो मौसम विभाग के अनुसार नार्मल बारिश की श्रेणी में आता है। मौसम विभाग विज्ञानियों के अनुसार २० प्रतिशत से कम बारिश होती है, तो इसे नार्मल से कम बारिश की श्रेणी में गिना जाता है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के २७ जिलों में से पांच जिलों में अब तक नार्मल से कम बारिश हुई है। जिसमें बलरामपुर, बस्तर, गरियाबंद, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा और राजनांदगांव जिले शामिल है। इन जिलों में क्रमश : 52, 22, 34,23, 30, 25 और 24 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं पांच एेसे जिले हैं, जहां सामान्य से अधिक बारिश भी हुई है। जिसमें बालौदा बाजार में ३, बेमेतरा में 45, बीजापुर में 43, नारायणपुर में 8 और सुकु मा में 47 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
मौसम विभाग लालपुर रायपुर के डायरेक्टर डॉ. प्रकाश खरे ने बताया कि प्रदेश में नार्मल बारिश हुई है। फिलहाल अभी कोई बड़ा सिस्टम नहीं है। इस वजह से राजधानी समेत प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश नहीं हो रही है। सात से ११ अगस्त के बीच उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठीक-ठाक बारिश के आसार है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अभी मुश्किल लग रहा है।