रायपुर

NigamAction: राजधानी में पहली बार आरोपियों के घर चला बुलडोजर, पार्षद को पीट गोदाम से लूटा बकरा

Raipur NigamAction: घटना के विरोध में पार्षद और स्थानीय लोगों ने टिकरापारा थाने का घेराव कर दिया। नगर निगम की राजनीति भी गर्माने लगी। इसके बाद दोपहर को नगर निगम की टीम ने महिला बदमाश और उसके गुंडों के घरों में बुलडोजर चला दिया।

3 min read
May 13, 2023
Raipur NigamAction

Raipur news अब तक यूपी में अपराधियों के घर बुलडोजर चलता था, लेकिन पहली बार राजधानी में भी आरोपियों के घर पर बुलडोजर चल गया। टिकरापारा इलाके में बकरे को लेकर बड़ा बवाल हो गया। आदतन अपराध करने वाली महिला बदमाश के गुंडों ने स्थानीय भाजपा पार्षद के गोदाम में धावा बोल दिया। बकरा चोरी का आरोप लगाने लगे। पार्षद ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद गोदाम से दो बकरे लूटकर ले भागे।

घटना के विरोध में पार्षद और स्थानीय लोगों ने टिकरापारा थाने का घेराव कर दिया। नगर निगम की राजनीति भी गर्माने लगी। इसके बाद दोपहर को नगर निगम की टीम ने महिला बदमाश और उसके गुंडों के घरों में बुलडोजर चला दिया। करीब 10 मकानों को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। पुलिस के मुताबिक चंद्रपाल धनगर वार्ड-13 के भाजपा पार्षद हैं। उनका बकरे का कारोबार भी है। बम्लेश्वरी चौक मठपुरैना में उनका बकरा गोदाम है। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे देवापारा के कुछ लोग गोदाम में पहुंच गए और शबाना का बकरा चुराकर लाए हो, कहकर विवाद करने लगे। गोदाम के कर्मचारियों ने चंद्रपाल को सूचना दी। वह मौके पर पहुंचा, तो रेहान देवार, दिलवाला, कविराज, मोना, रीतू, शबाना और अन्य लोग गाली-गलौज कर रहे थे। चंद्रपाल ने उन्हें टोका, तो बल्ली लेकर सभी उसकी ओर दौड़े। चंद्रपाल गोदाम के भीतर घुस गए। आरोपी भीतर घुस गए और उनसे मारपीट की। बचाव करने आए लोगों को भी आरोपियों ने पीटा। इसके बाद गोदाम से दो बकरा लूटकर ले गए।

टिकरापारा थाना घेरा

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा नेता व मोहल्ले वाले पहुंच गए। इसके बाद सभी टिकरापारा थाने का घेराव करने पहुंच गए। थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट, बलवा व अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया।

यह भी पढ़े:

देवारपार में 10 मकान जमींदोज

महिला आरोपी शबाना और चांदनी के खिलाफ कई मामले हैं। शराब तस्करी, गांजा और ब्याज का धंधा करती हैं। पिछले दिनों ब्याज का पैसा नहीं देने पर एक महिला की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। शबाना अपना वसूली, शराब का धंधा और गुंडागर्दी का काम देवारपारा के लड़कों से करवाती है। घटना के बाद भाजपा पार्षद और नेताओं ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही नगर निगम में भी शिकायत की। इसके बाद दोपहर को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के देवारपारा स्थित 10 घरों पर बुलडोजर चलवाया। शबाना और चांदनी के घर को भी बुलडोजर से तोड़ा गया। मामले में पुलिस ने रेहान उल्ला खान उर्फ रेहान देवार, जावेद खान, दीपक नेताम, मुकेश नेताम, शबाना देवार, रीतू चौहान, प्रीति साहू को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

भाजपा पार्षदों ने आयुक्त-महापौर को ज्ञापन सौंपा, तुरंत कार्रवाई करने कहा

कांग्रेस और भाजपा ने पार्षद पर हुए इस हमले का बदला 6 झुग्गियों को ढहाकर लिया। शहर में संभवत: ये पहला मौका था जब दोनों पार्टियां किसी मसले पर साथ नजर आईं। घटना की सूचना पाकर भाजपा पार्षद सबसे पहले मौके पर पहुंचा। यहां से नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे और उप नेता प्रतिपक्ष मनोज वर्मा की अगुवाई में सभी पार्षद निगम पहुंचे। यहां पहले कमिश्नर मयंक चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपा, फिर महापौर एजाज ढेबर को। पार्षदों ने कब्जा करने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले देवारों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की। कमिश्नर ने बातों को गंभीरता से लिया, तो महापौर ने तुरंत ही कार्रवाई की बात कह दी। इसके बाद भाजपा पार्षद निगम अमले के साथ देवारों के इलाके में पहुंचे। यहां 6 से अधिक घरों को अपनी आंखों के सामने ढहता देखा। बाकी तोड़फोड़ शनिवार को होगी। भाजपा ने टिकरापारा थाने में भी शिकायत दर्ज कराई है।

निगम की दुकानों पर भी कब्जा

मठपुरैना के जिस इलाके में देवार रहते हैं, वहां पास में निगम की कई दुकानें भी हैं। भाजपा पार्षदों ने जब पता किया कि ये दुकानें किसकी हैं तो पता चला कि इन पर भी अवैध कब्जा किया गया है। चौबे ने जोन कमिश्नर से कहा है कि वे दुकानों का आवंटन किन्हें किया गया है, इसकी जानकारी जुटाएं। अगर कब्जा पाया जाता है तो इसके खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई करें।

Published on:
13 May 2023 01:54 pm
Also Read
View All