
Asia Cup Rising Stars: दोहा में खेले जा रहे एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के 11वें मुकाबले में भारत के वैभव सूर्यवंशी के तूफानी बल्लेबाजी के वर्ल्ड रिकॉर्ड के बीच भारतीय मूल के एक और क्रिकेटर हरप्रीत सिंह भाटिया भी चर्चा में हैं।
हरप्रीत सिंह भाटिया ने 24 नवंबर को एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की टीम की ओर से खेलते हुए इंडिया-ए के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेली।हरप्रीत ने 144 गेंदों में 130 रन बनाए। उनकी इस पारी में 12 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
बता दें कि हरप्रीत सिंह भाटिया छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्ली राजहरा के रहने वाले हैं। उनका जन्म 11 अगस्त 1991 को दल्ली राजहरा में हुआ। हरप्रीत 2008-09 की कूच बिहार ट्रॉफी में 7 मैचों में 709 रन बनाकर चर्चा में आए। वे 2009 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत की अंडर-19 टीम के उपकप्तान रहे और 2010 अंडर-19 विश्व कप में भी खेले।
हरप्रीत सिंह भाटिया पहले मध्यप्रदेश के लिए खेलते थे। उन्होंने 2018-19 रणजी ट्रॉफी सीजन से छत्तीसगढ़ के लिए खेलना शुरू किया। अपने पहले ही रणजी सीज़न (2018-19) में उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिए 627 रन बनाए। वे छह सीज़न(2018–2024) छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) की रणजी टीम से जुड़े रहे।
छत्तीसगढ़ रणजी टीम के कैप्टन: वे छत्तीसगढ़ रणजी टीम के कप्तान भी रहे और फरवरी 2020 में झारखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में बतौर कप्तान छत्तीसगढ़ के लिए दोहरा शतक (221 रन) बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने। उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिए प्रथम श्रेणी, लिस्ट-ए और घरेलू टी20 क्रिकेट खेला। जुलाई 2024 में उन्होंने सीएससीएस के साथ अपने छह साल के सफर को अलविदा कहा।
आईपीएल भी खेला: हरप्रीत भाटिया बाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज हैं। हरप्रीत ने आईपीएल (IPL)डेब्यू 22 मार्च 2010 को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ किया था। इसके बाद वे पुणे वॉरियर्स इंडिया (2011–2012), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु (2017 में रिप्लेसमेंट के तौर पर, बिना मैच खेले), और पंजाब किंग्स (2023–2024) का हिस्सा रहे। उन्होंने अपने आईपीएल कॅरियर में कुल 9 मैच खेले और 123 रन बनाए, जिसमें सर्वाधिक स्कोर 41 रन का रहा।
अब यूएई के नागरिक: हरप्रीत सिंह भाटिया का सपना था कि वे टीम इंडिया के लिए खेलें। लेकिन उनका यह सपना पूरा न हो पाया। 35 वर्षीय हरप्रीत ने 2026 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की नागरिकता हासिल की। इसके बाद यूएई के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना शुरू किया। उन्होंने अप्रैल में नेपाल के खिलाफ अपना T20 इंटरनेशनल डेब्यू किया और इसी महीने वनडे क्रिकेट (ODI) में भी डेब्यू किया।