
रायपुर. गणेशोत्सव का भक्ति का उत्साह के बीच समापन होने जा रहा है । लगातार दूसरे दिन भी शहर के अनेक स्थानों से बाजे-गाजे के साथ उत्सव टोलियां रंग-गूलाल उड़ाते हुए गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ की कामना के साथ तालाबों और खारुन नदी में विसर्जन करने में जुटी रही । मंगलवार को शहर में धूमधाम से गणेश विसर्जन झांकियां निकलेंगी, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में शहर व आसपास से लोग पहुंचेंगे । झांकियों की गणना शारदा चौक में होगी।
झांकियों का रूट
गणेश प्रतिमाओं व झांकियां शहर के राठौर चौक, एमजी रोड, शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, चिकनी मंदिर, कोतवाली चौक, सदर बाजार, सदाणी चौक, सत्तीबाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती थाना के सामने से होकर लाखेनगर चौक, सुन्दर नगर, रायपुरा चौक होकर महादेव घाट, खारून नदी के विसर्जन घाट में सुबह तक पहुंचेगी।
इन मार्गो से वापसी
खारून नदी में बनाए गए प्लेटफार्म से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन में प्रयोग किए जाने वाले वाहन की वापसी महादेव घाट तिराहा से एनीकट मार्ग, भाठागांव, भाठागांव चौक, रिंग रोड-१ होकर होगा।
पुल बंद रहेगा
गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन खारुन नदी के पुल के ऊपर से क्रेन के माध्यम से होगा। एेसे गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन में प्रयोग होने वाले वाहन की वापसी अमलेश्वर की तरफ से खुरमुड़ा भाठागांव रोड़ से होकर रिंग रोड चौक में पहुचेंगे।
ये मार्ग रहेंगे बाधित
बलौदाबाजार मार्ग से बिलासपुर की ओर या महासमुंद की ओर आवागमन करने वाले रिंग रोड-3 होकर आवागमन कर सकेंगे ।
भिलाई की ओर से आने वाली सभी वाहन कार जीप आश्रम तिराहा तक ही आ सकेंगी । जिन वाहन चालकों को शास्त्री चौक की ओर आना है, वे रिंग रोड-1 से होकर रायपुरा चौक, पचपेड़ी नाका होकर आना-जाना कर सकते हैं। धमतरी मार्ग से आने वाली कार-जीप छोटी वाहन कालीबाड़ी चौक, महिला थाना चौक, शास्त्री चौक से होकर रेलवे स्टेशन या बिलासपुर मार्ग पर आवागमन कर सकेंगे।
शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक की ओर, तात्यापारा चौक से शारदा चौक, मौदहापारा से जयस्तंभ चौक एवं मालवीय रोड़ तथा कालीबाड़ी चौक से कोतवाली चौक, फायरब्रिगेड चौक से कोतवाली तरफ सभी प्रकार के वाहनों को रात्रि ८ बजे से प्रतिबंधित किया गया है।
सदर बाजार चौक से पुरानी बस्ती थाना मार्ग, आश्रम तिराहा से लाखेनगर चौक, आमापारा तिराहा से लाखेनगर चौक की ओर से रात्रि १० बजे से प्रतिबंध रहेगा ।
ये मार्ग रहेंगे बंद
गणेश विसर्जन झांकी के लिए शहर के कई मार्ग को बाधित किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगी ।
1. टाटीबंध चौक
2. भनपुरी तिराहा
3. रायपुरा चौक
4. पचपेड़ी नाका चौक
5. संतोषी नगर चौक
6. महासमुंद बेरियर
7. मोवा थाना के सामने
8. आजाद चौक
9. फाफाडीह चौक से रेलवे स्टेशन