रायपुर

मुम्बई की तरह यहां की सड़कें व मोहल्ले बनी स्वीमिंग पूल, रतजगा कर घरों के अंदर घुसा पानी निकालते रहे लोग

बरसाती पानी की निकासी के लिए निगम की जो व्यवस्था होनी चाहिए थी, वही चाक-चौबंद नहीं थी
3 min read
• •
Updated: 11 Jul 2018, 9:09 AM IST
baarish ka pani
मुम्बई की तरह यहां की सडक़े व मोहल्ले बनी स्वीमिंग पूल, रतजगा कर घरों के अंदर घुसा पानी निकालते रहे लोग

रायपुर . तीन दिनों से रूक-रूक कर हो रही बारिश ने नगर निगम की आपदा प्रबंधन रणनीति की पोल खोल दी है। सोमवार आधी रात हुई बारिश शहर के कई इलाकों के लिए दुखदायी साबित हुआ।

जल विहार कॉलोनी, राजातालाब, अवंती विहार समेत शहर के कई इलाकों में लोग रातभर जागकर घरों में घुसे पानी को उलीच कर बाहर निकालते रहे। यही नहीं, तेलीबांधा थाने के अंदर भी पानी घुस गया। लिहाजा ड्यूटी पर तैनात जवान रात भर पानी से जूझते रहे।

बारिश इतनी नहीं हुई थी कि घर और सडक़ें जलमग्न हो जाए। बरसाती पानी की निकासी के लिए निगम की जो व्यवस्था होनी चाहिए थी, वही चाक-चौबंद नहीं थी। निगम और जोनों के अधिकारियों ने सिर्फ खानापूर्ति के लिए बारिश पूर्व नालों की सफाई कराई थी।

मुम्बई में हर साल बारिश का यही हाल होता। जब सडक़े पानी से लबालब भर जाती हैं, घरों व मोहल्लों में पानी भर जाता है। एेसा ही नजारा इस वक्त रायपुर के कुछ इलाकों का है।

निगम प्रशासन ने शहर में भारी बारिश के बाद आपदा प्रबंधन के लिए सभी जोन कार्यालयों और निगम मुख्यालय के अधिकारियों की एक जम्बो टीम बनाई है। कंट्रोल रूम भी टिकरापारा स्थित मोटर वर्कशॉप में बनाया गया है। यहां २४ घंटे के लिए 24 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। फोन आते ही संबंधित इलाके में पहुंचकर वहां के लोगों को बाढ़ व पानी भरने से निजात दिलाने की जिम्मेदारी इन कर्मचारियों की है।

छोटी रेल लाइन पर एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए खोदी गई मिट्टी नालियों में भर गया है। इसके कारण भी पानी आबादी क्षेत्रों में घुसा। इस वजह से बस्तियों और कॉलोनियों की सडक़ों पर पानी बहता रहा। खासकर राजातालाब, जगन्नाथ नगर, रमन मंदिर वार्ड, चूनाभट्टी, तेलीबांधा, शांति नगर सहित छोटी रेल लाइन के किनारे स्थित निचले इलाकों में ज्यादा परेशानी हुई।

बरसात शुरू होने के बावजूद अभी तक नगर निगम के जोन कार्यालयों द्वारा नालियों का निर्माण किया जा रहा है। कई जगहों पर तो बेतरतीब ढंग से नालियों का निर्माण किया गया है। यही कारण है कि बरसाती पानी की निकासी ठीक से नहीं हो पा रही है। नतीजा बरसात का पानी ओवर फ्लो सडक़ों पर बहने लगता है।

जलविहार कॉलोनी और आनंद नगर की सडक़ों पर पानी भरने की शिकायत मिलने के बाद महापौर प्रमोद दुबे खुद मौके पर पहुंचकर निगम अमले को बुलाया और पानी निकासी की व्यवस्था ठीक कराई। साथ ही इस दौरान उन्होंने निगम अधिकारियों की जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि हर साल यहां बारिश का पानी भरता है। फिर भी इस साल समय से पानी निकासी की व्यवस्था ठीक क्यों नहीं कराई गई।

पानी भरने से वार्ड के पार्षदों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रमन मंदिर वार्ड के पार्षद और नेता प्रतिपक्ष सूर्यकांत राठौर और भाजपा पार्षद दल के प्रवक्ता योगेंद्र वर्मा के वार्ड में भी नालों का पानी भर गया था। कारण नालों का अवरुद्ध होना है। राठौर और वर्मा ने बताया कि नालों की सफाई नहीं होने और एक्सप्रेस-वे निर्माण की मिट्टी नालों में डालने से नाले अवरुद्ध हो गया था। इसकी सफाई कराने के लिए निगम की जेसीबी और मजूदरों को बुलाया गया। इसके बाद ही नाले की निकासी ठीक हो पाई।

नगर निगम आयुक्त रजत बंसल ने कहा कि बारिश में आपदा प्रबंधन के लिए निगम अधिकारियों की कमेटी बनाई गई है। सभी की ड्यूटी चक्रानुसार लगाई गई है। इन सभी को कंट्रोल रूम के संपर्क में बारिश होते ही रहने को कहा गया है। रविवार को हुई बरसात से कुछ इलाके में पानी भरने की शिकायत मिली थी। जिसे ठीक करा लिया गया है।

Published on: