रायपुर

रामचंद्र सिंहदेव के निधन की खबर निकली झूठी, कांग्रेस नेताओं ने कहा – अस्पताल में चल रहा इलाज

छत्तीसगढ़ के पहले वित्त मंत्री रामचंद्र सिंहदेव अभी वेंटीलेटर पर हैं। सोशल मीडिया पर उड़ी उनके निधन की खबर पूरी तरह झूठी है।
2 min read
Jul 18, 2018
Ramchandra Singh Dev
रामचंद्र सिंहदेव के निधन की खबर निकली झूठी, कांग्रेस नेताओं ने कहा - अस्पताल में चल रहा इलाज

रायपुर. छत्तीसगढ़ के पहले वित्त मंत्री रामचंद्र सिंहदेव अभी वेंटीलेटर पर हैं। सोशल मीडिया पर उड़ी उनके निधन की खबर पूरी तरह झूठी है। दरअसल, सोशल मीडिया पर खबर उड़ रही है कि लगातार दो अटैक के बाद सिंहदेव का निधन हो गया है।

इस खबर के वायरल होने के बाद कांग्रेस पार्टी में हड़कंप मच गया। पार्टी नेताओं ने अस्पताल प्रबंधन से बात कर स्पष्ट किया कि खबर पूरी तरह से झूठी है। कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर झूठी खबरें फैला रहें हैं। हम सब रामचंद्र सिंहदेव के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामचंद्र सिंहदेव को आज दोपहर बाद एक के बाद एक दो अटैक आए, जिसके बाद उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक लगातार दो अटैक के बाद उन्हें वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

बतादें कि रामचंद्र सिंहदेव तबीयत खराब होने की वजह से पिछले कुछ दिनों से रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार से उनकी तबीयत नाजुक बनी हुई है। सिंहदेव के अस्पताल में भर्ती की खबर मिलते ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल उनसे मिलने पहुंचे। बघेल ने वहां सिंहदेव के स्वास्थ्य की जानकारी डाक्टरों से ली थी।

रामचंद्र सिंहदेव छत्तीसगढ़ की नई सरकार में वित्त मंत्री की भूमिका में थे। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार में भी मंत्री पद की जिम्मेदारी निभाई। रामचंद्र सिंहदेव को कोरिया कुमार के नाम से भी जाना जाता है। डॉ. सिंहदेव की ने स्कूली शिक्षा राजधानी (रायपुर) स्थित राजकुमार कॉलेज से ली।

आगे की पढ़ाई के लिए वे इलाहाबाद विश्वविद्यालय गए। वहां उनकी मुलाकात पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी से हुई। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह उनके कनिष्ठ रूप में कॉलेज में दाखिल हुए थे।

कोरिया राजघराने के रामचंद्र सिंहदेव ने 1967 में विधानसभा का चुनाव लड़ा और विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कुल 6 बार विधानसभा का चुनाव जीता और मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री रहे। कोरिया के लिए लगातार चिंतन करने वाले डॉक्टर रामचंद्र सिंह देव बैकुंठपुर से 6 बार विधायक रहे हैं। उन्हें विधानसभा चुनावों का अपराजेय योद्धा जाना जाता रहा है।

Published on:
18 Jul 2018 07:25 pm